हाइलाइट्स
- भोपाल मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में SIT और CBI दोनों जांच कर रही।
- आरोपी पति समर्थ सिंह से कई घंटे पूछताछ हुई।
- जांच टीम ने लैपटॉप, मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज किए जब्त।
- CBI ने नई FIR दर्ज कर DSP निशू कुशवाहा को जांच सौंपी।
Twisha Sharma Case UPDATE : भोपाल। राजधानी भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब SIT और CBI दोनों जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सोमवार को SIT की टीम आरोपी पति समर्थ सिंह को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां पूरे क्राइम सीन को दोबारा रिक्रिएट किया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल पर काफी देर तक जांच की और मामले से जुड़े हर पहलू को समझने की कोशिश की। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद परिस्थितियों और पहले मिले सबूतों का मिलान भी किया।
आरोपी समर्थ सिंह से घंटों हुई पूछताछ
SIT ने क्राइम सीन रिक्रिएशन से पहले आरोपी समर्थ सिंह से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। जांच के दौरान टीम ने समर्थ का लैपटॉप, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
अधिकारियों को शक है कि मामले से जुड़े कुछ अहम सुराग इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेजों से मिल सकते हैं। इसके अलावा टीम ने पूरे घर की बारीकी से जांच की और संभावित सुसाइड नोट की तलाश भी की। जांच अधिकारियों ने ट्विशा शर्मा के सील बंद कमरे और उस जगह का भी निरीक्षण किया, जहां उनकी मौत हुई थी।
मां को देखकर भावुक हुआ समर्थ सिंह
जांच के दौरान एक भावुक दृश्य भी सामने आया। घटनास्थल पर जब समर्थ सिंह ने अपनी मां को देखा तो वह भावुक हो गया। इस दौरान पुलिस टीम लगातार उससे पूछताछ करती रही। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू को गंभीरता से जांचा जा रहा है।
SIT यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह थी। फिलहाल जांच एजेंसियां तकनीकी और फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही हैं।
CBI ने दर्ज की नई FIR
इस मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार देर शाम भोपाल पहुंची CBI टीम ने केस को अपने हाथ में लेते हुए नई FIR दर्ज की है। एजेंसी ने कटारा हिल्स थाने में पहले से दर्ज केस को री-रजिस्टर्ड किया है।
CBI ने इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी निशू कुशवाहा को सौंपी है। उन्हें इस केस का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। CBI अब पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करेगी और सभी सबूतों को नए सिरे से परखेगी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
CBI ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इसमें धारा 80(2), 85 और 3(5) शामिल हैं। इसके साथ ही दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 भी लगाई गई हैं। जानकारी के अनुसार CBI की नई FIR का नंबर RC0522026S0004 है, जिसे 25 मई 2026 को दर्ज किया गया। जांच एजेंसी अब मामले में शामिल सभी लोगों से पूछताछ करेगी और डिजिटल सबूतों की भी जांच करेगी।
शादी के पांच महीने बाद हुई संदिग्ध मौत
जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा की शादी पिछले साल 9 दिसंबर को समर्थ सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही परिवार में विवाद शुरू होने की बात सामने आई। FIR में ट्विशा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास, रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दोनों भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहते हैं।
घटना वाली रात पुलिस को मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 की रात करीब साढ़े 10 बजे ट्विशा शर्मा की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने के बाद SIT गठित की गई थी। अब CBI की एंट्री के बाद इस केस की जांच और भी तेज हो गई है। परिवार और आम लोगों की नजर अब जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।