हाइलाइट्स
- लटेरी शासकीय अस्पताल में महिला को नहीं किया भर्ती।
- प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल गेट पर ही हुई डिलीवरी।
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
- अस्पताल स्टाफ पर मरीजों को प्राइवेट अस्पताल भेजने के आरोप लगे।
Vidisha News : मध्य प्रदेश। विदिशा जिले के लटेरी स्थित शासकीय अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार रात करीब 9 बजे प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने उन्हें इलाज देने के बजाय विदिशा या किसी प्राइवेट अस्पताल जाने की सलाह देकर बाहर कर दिया।
महिला दर्द से तड़पती रही और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अस्पताल के मुख्य गेट पर ही उसकी डिलीवरी हो गई। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
शुक्रवार सुबह इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में मरीजों को सही इलाज नहीं मिलता और कई बार उन्हें जानबूझकर प्राइवेट अस्पतालों की ओर भेजा जाता है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं होने के बावजूद मरीजों को भर्ती करने में आनाकानी की जाती है।
Delhi Riots Case : दिल्ली दंगा के आरोपी तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को अंतरिम जमानत
कांग्रेस ने उठाए प्रशासन पर सवाल
लटेरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष यदुवीर सिंह बघेल ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक गर्भवती महिला को अस्पताल से बाहर करना बेहद शर्मनाक घटना है। यह स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी विफलता को दर्शाता है।