Bengaal New CM : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुना गया है। कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में हुई इस अहम बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब राज्य में पहली बार पार्टी की सरकार बनने जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे बंगाल की राजनीति का बड़ा मोड़ मान रहे हैं।
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ BJP नेता शुभेंदु अधिकारी आज शाम 6.30 बजे राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह कोलकाता के प्रसिद्ध ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
भाजपा और NDA के कई बड़े नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और सहयोगी दलों के नेता भी समारोह में मौजूद रह सकते हैं। शपथ ग्रहण को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक उत्साह देखा जा रहा है।
TN New CM : विजय की सरकार बनने का रास्ता साफ, कांग्रेस के बाद इन तीन पार्टियों ने किया सपोर्ट
ममता बनर्जी को हराकर बने सबसे बड़े चेहरे
56 वर्षीय सुवेंदु अधिकारी ने इस विधानसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को करीब 15 हजार वोटों से हराया। इसके अलावा वे नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे। वर्ष 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।
सुवेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर 1970 को हुआ था। उनके पिता शिशिर अधिकारी कांथी सीट से सांसद रह चुके हैं। वे पहले तृणमूल कांग्रेस में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए।
सुवेंदु अधिकारी को बंगाल की जमीनी राजनीति की गहरी समझ रखने वाला नेता माना जाता है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने में उनकी बड़ी भूमिका रही है।
UP Politics : सपा को लगा बड़ा झटका! राष्ट्रीय सचिव समेत 30 नेता ओपी राजभर की पार्टी में हुए शामिल
TMC से BJP तक का सफर
सुवेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत तृणमूल कांग्रेस के साथ की थी। लंबे समय तक वे ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते रहे। वर्ष 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
इसी आंदोलन के बाद बंगाल में वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ माहौल बना था। दिसंबर 2020 में उन्होंने TMC छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद वे भाजपा के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हो गए।
अमित शाह ने भाजपा की जीत को बताया ऐतिहासिक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में बंगाल में भाजपा का खाता खुला था और आज पार्टी राज्य में सरकार बनाने जा रही है।
शाह ने कहा कि भाजपा की यह यात्रा संगठन, मेहनत और जनता के भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना अब पूरा हो गया है।
बंगाल की जनता को दिया धन्यवाद
गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक राज्य में भय और हिंसा का माहौल रहा, लेकिन जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। शाह ने भरोसा दिलाया कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि अब पार्टी की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा बढ़ गई है।
भाजपा सरकार से बढ़ीं नई उम्मीदें
भाजपा की जीत के बाद राज्य में नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। पार्टी अब विकास, कानून व्यवस्था और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा बंगाल में अपनी पकड़ और मजबूत करने का प्रयास करेगी। आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



