Aayudh

Categories

Narsinghpur Ethanol Plant : इथेनॉल प्लांट में बड़ा हादसा, DDS टैंक गिरने से 2 मजदूरों की मौत

Narsinghpur Ethanol Plant

Narsinghpur Ethanol Plant : मध्यप्रदेश। नरसिंहपुर में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। रात करीब 1:30 बजे बचई स्थित महाकौशल शुगर मिल परिसर में बने इथेनॉल प्लांट का डीडीएस टैंक अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां काम चल रहा था। टैंक गिरते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी मदद के लिए दौड़ पड़े।

टैंक के नीचे दबे दो मजदूर

हादसे के समय दो मजदूर टैंक के नीचे काम कर रहे थे। अचानक भारी टैंक गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

MP Cabinet Decisions : MP व्यापार कल्याण बोर्ड बनेगा, 38,555 करोड़ विकास कार्यों को मंजूरी

मृतकों की पहचान हुई

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान जगदीश यादव (32) निवासी खापा शेढ़ और पवन ठाकुर (30) निवासी सिलवानी के रूप में हुई है। दोनों परिवारों पर इस हादसे के बाद दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल और फैक्ट्री परिसर में भीड़ लग गई।

एक सप्ताह से मशीन में खराबी थी

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक जगदीश के चचेरे भाई कमलेश के अनुसार, प्लांट की मशीन में पिछले एक सप्ताह से तकनीकी खराबी थी। मशीन की मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे के समय भी कर्मचारी उसी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक टैंक गिर गया। इससे लापरवाही और तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है।

Swearing-in Ceremony : बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को, तमिलनाडु CM स्टालिन ने दिया इस्तीफा

तीन महीने पहले ही लगी थी नौकरी

बताया गया कि मृतक जगदीश यादव ने करीब तीन महीने पहले ही फैक्ट्री में नौकरी शुरू की थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मंगलवार सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *