MP Cabinet Decisions : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) की अध्यक्षता में मंगलवार को मध्यप्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में व्यापार, कृषि, सड़क, उद्योग और महिला कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने राज्य के विकास को गति देने और व्यापारियों को संगठित मंच देने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं को मंजूरी दी है। बैठक के बाद सरकार ने फैसलों की जानकारी सार्वजनिक की।
MP व्यापार कल्याण बोर्ड का गठन होगा
कैबिनेट ने राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की तर्ज पर मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड बनाने का फैसला लिया है। इस बोर्ड के अध्यक्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। बोर्ड में 8 विभागों के प्रतिनिधियों के साथ अशासकीय सदस्य भी शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर भी समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।
TN TVK Victory : ओमान से आए फैन ने जिताया TVK को चुनाव, तमिलनाडु में ऐसे हुआ खेला
38,555 करोड़ के विकास कार्य मंजूर
कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि राज्य में 38,555 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। यह राशि सड़क, पुल, ग्रामीण विकास, तकनीकी ढांचे और अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं को तेजी से मजबूत किया जाए।
दलहन मिशन को 2442 करोड़ की स्वीकृति
मध्यप्रदेश को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने 2442 करोड़ रुपए के प्रावधान को मंजूरी दी है। यह राशि किसानों को बेहतर उत्पादन, तकनीक और संसाधन उपलब्ध कराने में खर्च होगी। सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।
किसानों को गेहूं भुगतान जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। किसानों को इसके बदले 6520 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है। साथ ही 14 लाख 70 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। इससे साफ है कि इस बार समर्थन मूल्य पर खरीद का लाभ बड़ी संख्या में किसानों को मिला है।
Swearing-in Ceremony : बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को, तमिलनाडु CM स्टालिन ने दिया इस्तीफा
भोपाल के पास बनेगा इलेक्ट्रॉनिक क्लस्टर
राज्य में उद्योग और रोजगार बढ़ाने के लिए भोपाल के पास इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बनाया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तहत इस परियोजना को मंजूरी मिली है। इससे निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
इंदौर में होगा BRICS सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर में 9 से 13 जून तक कृषि कल्याण वर्ष के तहत अंतरराष्ट्रीय BRICS सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें 26 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस आयोजन से मध्यप्रदेश को वैश्विक स्तर पर कृषि निवेश और तकनीक के नए अवसर मिल सकते हैं।
सड़क, पुल और आवास योजनाएं जारी रहेंगी
लोक निर्माण विभाग के तहत सड़क और पुलों के रखरखाव, सरकारी आवासों की मरम्मत और ग्रामीण सड़कों के निर्माण को जारी रखने का फैसला लिया गया है। सड़क सुरक्षा योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का फोकस बुनियादी ढांचे को मजबूत रखने पर है।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं को मंजूरी
कैबिनेट ने महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत मिशन वात्सल्य योजना जारी रखने को मंजूरी दी है। इसके अलावा नए, अधूरे और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों का काम भी जारी रहेगा। इससे बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बंगाल जीत पर मनाई खुशी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। कैबिनेट सदस्यों ने इस खुशी में झालमुड़ी खाकर जश्न भी मनाया।