White House Firing : वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर (White House Correspondents’ Dinner) के दौरान शनिवार रात फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े नेता और अधिकारी मौजूद थे।
बॉलरूम के बाहर हुई फायरिंग
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर गोलीबारी की, जबकि सभी वीआईपी मेहमान अंदर मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही हॉल में मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए मेजों के नीचे छिप गए। सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति ट्रम्प को सुरक्षा घेरे में लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बाद में सभी मेहमानों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
ट्रम्प बोले- सीक्रेट सर्विस ने बचाई जान
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह हमला अमेरिकी लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने सीक्रेट सर्विस (Secret Service) की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी से काम करते हुए उनकी जान बचाई। ट्रम्प ने बताया कि एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई।
हमलावर गिरफ्तार, जांच जारी
रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह उसी होटल में ठहरा हुआ था, जहां यह कार्यक्रम चल रहा था। हमलावर के पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए हैं। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
पीएम मोदी ने की निंदा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राहत जताई कि सभी नेता सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यह जानकर राहत मिली कि वाशिंगटन DC के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद प्रेसिडेंट ट्रंप, फर्स्ट लेडी और वाइस प्रेसिडेंट सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है। मैं उनकी लगातार सुरक्षा और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी पूरी तरह से निंदा की जानी चाहिए।
चश्मदीदों ने सुनाई आपबीती
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरे हॉल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और स्थिति पर काबू पाया।
क्या है यह कार्यक्रम?
व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर एक प्रतिष्ठित सालाना कार्यक्रम है, जिसे व्हाइट हाउस को कवर करने वाले पत्रकारों का संगठन आयोजित करता है। इसमें राष्ट्रपति, मीडिया और राजनीतिक हस्तियां एक साथ शामिल होती हैं। इस घटना के बाद अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान भी डोनाल्ड ट्रम्प पर हमला हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। फिलहाल इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और कार्यक्रम को कुछ समय बाद फिर से शुरू कर दिया गया।


