Delhi Airport Plane Accident : नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 2 बजे स्पाइसजेट (SpiceJet) की फ्लाइट पार्किंग एरिया में खड़े अकासा एयर (Akasa Air) के विमान से टकरा गई। इस घटना में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट का विमान लेह से दिल्ली पहुंचा था और गेट की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पार्किंग एरिया में खड़ा अकासा एयर का विमान उससे टकरा गया। बताया जा रहा है कि अकासा एयर की फ्लाइट हैदराबाद के लिए पुशबैक की प्रक्रिया में थी, तभी यह घटना हुई।
दोनों विमानों को हुआ नुकसान
स्पाइसजेट (SpiceJet) के प्रवक्ता के मुताबिक, इस टक्कर में उनके विमान के दाहिने पंख (राइट विंग) को नुकसान पहुंचा है। वहीं, अकासा एयर के विमान के पंखे में भी क्षति आई है। घटना के बाद स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली में ही ग्राउंड कर दिया गया है और उसे फिलहाल उड़ान के लिए उपयोग में नहीं लिया जाएगा।
अकासा एयर का बयान
अकासा एयरलाइंस (Akasa Airlines) के प्रवक्ता ने बताया कि उनका विमान पार्किंग एरिया में खड़ा था, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान उससे टकरा गया। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। साथ ही, ग्राउंड टीम यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक इंतजाम कर रही है।
फ्लाइट QP 1406 को लौटना पड़ा
अकासा एयर की दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP 1406 को इस घटना के बाद वापस बे (पार्किंग एरिया) में लौटना पड़ा। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल बढ़ गई, हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आखिर यह टक्कर कैसे हुई।