Aayudh

Categories

TMC Candidate List : 74 के टिकट काटकर नए चेहरों को मौका, मैदान में उतारे 47 मुस्लिम कैंडिडेट

TMC Candidate List

TMC Candidate List : कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को 291 सीटों पर उम्मीदवारों की पूरी सूची एक साथ जारी कर दी। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी सूची को चरणों में नहीं, बल्कि एक बार में घोषित करने में विश्वास रखती है। टीएमसी ने तीन पहाड़ी सीटें- दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कुर्सियांग- अपने सहयोगी दल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के लिए छोड़ी हैं।

मौजूदा विधायकों में से 135 को ही टिकट

करीब डेढ़ दशक से सत्ता में काबिज टीएमसी इस बार लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है। हालांकि एंटी-इन्कंबेंसी का दबाव भी पार्टी पर साफ नजर आ रहा है।

इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने बड़ा बदलाव करते हुए 224 मौजूदा विधायकों में से सिर्फ 135 को ही टिकट दिया है, जबकि 15 विधायकों की सीट बदल दी गई है और 74 विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। यह हाल के वर्षों में टीएमसी का सबसे बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।

Afghanistan Pakistan War : काबुल एयरस्ट्राइक के बाद बढ़ा तनाव, क्या पाकिस्तान-अफगानिस्तान टकराव बनेगा बड़ा युद्ध?

नए चेहरों को मौका

इस बार पार्टी ने खासतौर पर उन सीटों पर नए चेहरे उतारे हैं, जहां पिछली बार जीत का अंतर 25 हजार से कम था। ऐसी 102 सीटों में से करीब आधी पर उम्मीदवार बदले गए हैं। हालांकि जिन क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों की पकड़ मजबूत थी, वहां पुराने चेहरों को ही बरकरार रखा गया है। टीएमसी ने इस चुनाव में स्टार प्रचारकों के बजाय स्थानीय संगठन, बूथ मैनेजमेंट और जमीनी नेटवर्क पर ज्यादा फोकस किया है।

भवानीपुर सीट पर शुभेंदु और ममता आमने-सामने

सबसे दिलचस्प मुकाबला भवानीपुर सीट पर देखने को मिलेगा, जहां ममता बनर्जी चुनाव लड़ेंगी। उनके सामने भारतीय जनता पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है।

गौरतलब है कि 2021 में ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव हार गई थीं, लेकिन बाद में भवानीपुर उपचुनाव में उन्होंने करीब 58 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी।

Indore EV Charging Fire : EV में आग लगने से 8 लोग जिंदा जले, कार को चार्जिंग में लगाकर सोया था परिवार

291 उम्मीदवारों में 52 महिलाएं और 47 अल्पसंख्यक

उम्मीदवारों की सूची में सामाजिक और आयु वर्ग का भी ध्यान रखा गया है। कुल 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं (18 प्रतिशत), 47 अल्पसंख्यक और 95 अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से हैं।

इसके अलावा 149 उम्मीदवार सामान्य और ओबीसी वर्ग से आते हैं। उम्र के लिहाज से 219 उम्मीदवार 60 साल से कम उम्र के हैं, जबकि 4 उम्मीदवार 31 साल से कम और 2 उम्मीदवार 81 से 90 साल के बीच हैं।

नए और पुराने चेहरों का मिश्रण

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बताया कि पार्टी ने इस बार संतुलन बनाते हुए नए और पुराने चेहरों का मिश्रण तैयार किया है। वहीं ममता बनर्जी ने उन नेताओं को भी भरोसा दिलाया है जिन्हें टिकट नहीं मिला है कि उन्हें संगठन में समायोजित किया जाएगा।

BJP Candidates List : CM ममता की सीट से चुनाव लड़ेंगे अधिकारी, बंगाल चुनाव के लिए BJP की 144 कैंडिडेट लिस्ट जारी

इन जिलों में मुस्लिम वोटर्स

राज्य के कई जिलों -मालदा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण 24 परगना- में मुस्लिम वोटर्स की मजबूत पकड़ मानी जाती है। इन क्षेत्रों की कई सीटों पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए टीएमसी ने मुर्शिदाबाद की भरतपुर सीट से मुस्तफिजुर रहमान को उम्मीदवार बनाया है।

प्रमुख सीटों पर ये TMC उम्मीदवार

टीएमसी ने कई प्रमुख सीटों पर भी उम्मीदवारों का ऐलान किया है। सुजापुर से सबीना यास्मीन, जंगीपुर से जाकिर हुसैन, सागरदिघी से बायरन बिश्वास और दिनहाटा से उदयन गुहा को टिकट दिया गया है।

वहीं हाल ही में पार्टी में शामिल हुए पबित्र कर को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया गया है, जहां उनका मुकाबला शुभेंदु अधिकारी से होगा। बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से उम्मीदवार बनाया है।

TMC Candidate List : बंगाल चुनाव के लिए TMC ने जारी की 291 कैंडिडेट लिस्ट, भवानीपुर से ममता देंगी टक्कर

इसके अलावा बेलेघाटा से कुणाल घोष, हाबरा से ज्योतिप्रियो मल्लिक, सिलीगुड़ी से गौतम, करीमपुर से सोहम चक्रवर्ती, कंडी से अपूर्व सरकार, कृष्णानगर उत्तर से अभिनव भट्टाचार्य और कल्याणी से अतींद्रनाथ मंडल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

बता दें कि, एक दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। ऐसे में अब बंगाल का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, जहां नए चेहरों और बड़े नेताओं के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *