Israeli-Iran War : मिडिल ईस्ट में जंग का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ताज़ा घटनाक्रम में इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने एक साथ ईरान की राजधानी तेहरान और लेबनान की राजधानी बेरुत में बड़े पैमाने पर हमले शुरू किए हैं।
इजरायली डिफेंस फोर्स (Israel Defense Forces) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि उसकी एयर फोर्स ने “ईरानी शासन और हिज़्बुल्लाह के ठिकानों के खिलाफ व्यापक ऑपरेशन” शुरू कर दिया है। सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई सुरक्षा खतरे को खत्म करने के उद्देश्य से की जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान में कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जबकि बेरुत के दक्षिणी हिस्सों में भी हवाई हमले किए गए। स्थानीय मीडिया ने बताया कि हमलों के बाद कई जगहों पर धुआं उठता देखा गया। हालांकि, हताहतों और नुकसान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इससे पहले अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए थे। अब दोनों पक्षों की ओर से लगातार सैन्य कार्रवाई हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है। लेबनान में सक्रिय संगठन हिज़्बुल्लाह को लेकर भी तनाव गहराता जा रहा है।
