Sagar Accident: मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सागर-झांसी नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी और मालथौन के बीच झींझनी घाटी के पास तेज रफ्तार कंटेनर और पुलिस के BDDS वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सागर के निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
READ MORE: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: लूथरा ब्रदर्स के क्लब पर बुलडोजर, एक और मालिक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले का बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड बालाघाट में ड्यूटी पूरी कर लौट रहा था। जवान BDDS वाहन (MP 03 AA 4883) से मुरैना की ओर जा रहे थे, तभी तड़के करीब 4 बजे सामने से आ रहे कंटेनर से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कुछ जवान वाहन में ही फंस गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से वाहन की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला और उन्हें बांदरी अस्पताल भेजा।
हादसे में शहीद हुए जवानों में प्रधुमन दीक्षित, अमन कौरव और चालक परमलाल तोमर शामिल हैं। चौथे शहीद जवान डॉग मास्टर विनोद शर्मा भिंड के निवासी थे। वहीं, घायल आरक्षक राजीव चौहान का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन अनियंत्रित होने के कारण कंटेनर से जोरदार टक्कर हुई।
इस हादसे से मुरैना और भिंड जिलों में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।
READ MORE: ऑपरेशनल फेलियर के कारण इंडिगो की 10% उड़ानों में कटौती, विदेशी CEO ने हाथ जोड़कर मांगी माफी