Share Market Gold Silver Crash : मुंबई। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच आमतौर पर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी के दाम इस बार उलटा रुख दिखा रहे हैं। सोमवार को कारोबारी सप्ताह की शुरुआत में ही कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। चांदी (Silver) की कीमत एक झटके में करीब 7,500 रुपये प्रति किलोग्राम गिर गई, जबकि सोना (Gold) भी 10 ग्राम पर 1800 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया। इसी के साथ भारतीय शेयर बाजार में भी तेज गिरावट देखने को मिली।
शेयर बाजार में भारी गिरावट
सोमवार को BSE Sensex 1,352.74 अंक यानी 1.71% गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ। वहीं Nifty 50 422.40 अंक या 1.73% टूटकर 24,028.05 पर आ गया।
बाजार में गिरावट का नेतृत्व ऑटो और बैंकिंग सेक्टर ने किया।
निफ्टी ऑटो: 4.10% गिरावट
निफ्टी पीएसयू बैंक: 3.97%
निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल: 2.81%
निफ्टी प्राइवेट बैंक: 2.78%
निफ्टी मेटल: 2.60%
केवल निफ्टी आईटी इंडेक्स मामूली 0.08% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। Nifty Midcap 100 करीब 1.97% और Nifty Smallcap 100 2.22% टूटकर बंद हुए।
चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 मई एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव शुक्रवार को 2,68,285 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को बाजार खुलते ही यह गिरकर 2,60,743 रुपये पर आ गया।
यानी एक झटके में चांदी 7,542 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई। अगर इसके रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें, तो 29 जनवरी को 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के हाई से अब चांदी करीब 1,59,305 रुपये नीचे आ चुकी है।
Share Market Today : ईरान जंग से सेंसेक्स 2,300 अंक टूटा, 10 दिन में 60% चढ़ा कच्चा तेल
सोने की कीमत भी फिसली
सोने के वायदा भाव में भी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना शुक्रवार को 1,61,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार को गिरकर 1,59,826 रुपये पर आ गया। इस तरह 24 कैरेट सोना 1,808 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के लाइफटाइम हाई पर पहुंचा था। उस स्तर से अब भी यह करीब 33,270 रुपये सस्ता है।
क्यों गिर रहे सोना-चांदी के दाम?
आमतौर पर जब वैश्विक तनाव बढ़ता है तो निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोना-चांदी खरीदते हैं, जिससे इनके दाम बढ़ते हैं। लेकिन इस बार हालात अलग हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक युद्ध शुरू होने से पहले और शुरुआती दौर में सोना-चांदी में तेज उछाल आ चुका था।
अब कई निवेशक इसमें मुनाफावसूली कर रहे हैं और नकदी अपने पास रखना पसंद कर रहे हैं, जिससे कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।
Iran Israel War : ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई युद्ध में घायल, अब तक 1255 की मौत
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
इस बीच मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) की कीमत में करीब 26% तक उछाल आया है और यह 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की वजह इराक और कुवैत जैसे देशों की ओर से उत्पादन कम करना बताया जा रहा है।
इससे पहले कतर (Qatar) ने भी एलएनजी उत्पादन घटाने की घोषणा की थी। तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक अनिश्चितता का असर शेयर बाजार और कमोडिटी मार्केट दोनों पर साफ दिखाई दे रहा है।