Seoni Dhan Mahotsav: सिवनी के धान महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की, उनके साथ बैठकर भोजन किया और संवाद भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 494 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही किसानों, श्रमिकों और कृषि क्षेत्र को लेकर कई अहम घोषणाएं भी कीं।
किसानों के बीच पहुंचे, खेत में की धान की रोपाई
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धान महोत्सव के दौरान खेत में उतरकर किसानों के साथ धान की रोपाई की। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी पर चर्चा की और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
सिवनी को मिली 494 करोड़ की विकास सौगात
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 349.33 करोड़ रुपये के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.80 करोड़ रुपये के 43 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क, शासकीय महाविद्यालय, स्टेडियम समेत कई नई परियोजनाओं की भी घोषणा की गई।
किसानों और श्रमिकों के खातों में पहुंची करोड़ों की राशि
रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत 3,941 किसानों को कोदो-कुटकी उत्पादन पर बोनस राशि दी गई। वहीं मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के तहत 16,754 श्रमिक परिवारों के बैंक खातों में 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की गई।
धान उत्पादकों के लिए भी बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ अब धान उत्पादकों को भी भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
UCC को लेकर भी दिया बड़ा संकेत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस विषय पर व्यापक जनसमर्थन मिला है और सरकार इसी महीने इसे लागू करने के लिए प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है।