MP Today Update: मध्य प्रदेश में आज का दिन किसानों, रेल यात्रियों और विकास कार्यों के लिहाज से खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी और जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव में वे किसानों के खातों में करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे और सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं भोपाल मंडल के रेल यात्रियों को आज से नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की सुविधा भी मिलेगी।
CM मोहन यादव का सिवनी दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले सिवनी पहुंचकर राज्य स्तरीय धान महोत्सव और किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद जबलपुर में आयोजित ‘गौरव शिखर सम्मान-2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। शाम को वे भोपाल लौटेंगे।
New Army Chief: जनरल धीरज सेठ बने भारतीय सेना के नए प्रमुख, संभाली 31वें आर्मी चीफ की जिम्मेदारी
किसानों के खातों में आएगी 2.82 करोड़ की राशि
धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे। सरकार श्रीअन्न (मोटे अनाज) की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि दे रही है।
सिवनी को 494 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री सिवनी जिले को 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें 349.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत
उत्तर और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आज से कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू हो रही है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिससे यात्रियों को बिना ट्रेन बदले सीधे मदुरै तक सफर करने की सुविधा मिलेगी।
भोपाल मंडल को मिलेगा सीधा फायदा
नई स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से भोपाल, बीना और इटारसी के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक शहर मदुरै तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे ने बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए फिलहाल इस ट्रेन के पांच फेरे संचालित करने का निर्णय लिया है।