Indore Crime News : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। लसूड़िया थाना क्षेत्र की शिव वाटिका टाउनशिप में पेंटहाउस को किराए पर देने को लेकर हुए विवाद में एक महिला को कार से कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान शंपा पाठक पांडे के रूप में हुई है, जो इंफोसिस (Infosys) में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं और हाल ही में अपने परिवार के साथ नए फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सागरश्री एन्क्लेव बिल्डिंग में रहने वाले कुलदीप चौधरी ने अपने पेंटहाउस को Airbnb के जरिए किराए पर दे रखा था। यहां रोज नए लोगों के आने-जाने से सोसाइटी के लोग पहले से ही नाराज थे। उसी को लेकर बुधवार देर रात विवाद बढ़ा, जिसमें पहले कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई।
Gas Crisis Charge : ‘गैस क्राइसिस चार्ज’ के नाम पर वसूली पर सख्ती, ज्यादा पैसे मांगे तो होगी सजा
गुस्से में महिला पर ज रफ्तार से कार चढ़ा दी
इसी दौरान आरोपी का बेटा मोहित चौधरी कार लेकर मौके पर पहुंचा और गुस्से में आकर तेज रफ्तार से कार चढ़ा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने पहले एक महिला कर्मचारी को टक्कर मारी और फिर शंपा पांडे को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 60-70 किमी प्रति घंटा थी और टक्कर के बाद भी आरोपी ने गाड़ी नहीं रोकी। गंभीर रूप से घायल शंपा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने जान-बूझकर किया कृत्य
मृतका के पति सौरभ पांडे ने बताया कि अगर आरोपी चाहता तो कार रोक सकता था और उनकी पत्नी की जान बच सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह जानबूझकर किया गया कृत्य है। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और वे कुछ ही दिन पहले नए घर में शिफ्ट हुए थे, जिससे इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी मोहित चौधरी और उसके पिता कुलदीप चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है और पुलिस ने DVR जब्त कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पेंटहाउस को अवैध रूप से किराए पर दिया जा रहा था या नहीं।
Vastu Tips : सुख-समृद्धि और ग्रोथ के लिए अपनाएं ये आसान वास्तु उपाय, दूर होगी घर की नकारात्मकता
पेंटहाउस को लेकर कई बार की शिकायत
सोसाइटी के लोगों का कहना है कि पेंटहाउस को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी और देर रात तक बाहरी लोगों की आवाजाही से परेशानी हो रही थी। बिल्डर ने भी आरोपी को कई बार चेतावनी देने की बात कही है।