Hamirpur Boat Accident : उत्तर प्रदेश। हमीरपुर में यमुना नदी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास एक नाव अचानक नदी के बीच पलट गई। नाव में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
शादी की खुशियों के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
कुतुबपुर गांव निवासी देशराज निषाद के घर बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार गांव पहुंचे हुए थे। गुरुवार को परिवार के कुछ सदस्य यमुना नदी पार कर दूसरी ओर तरबूज और खरबूज खाने के लिए गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर इतना दर्दनाक साबित होगा।
नाव में सवार होकर लौट रहे थे सभी लोग
जानकारी के मुताबिक, विष्णु निषाद अपनी पत्नी और रिश्तेदारी के सात बच्चों को लेकर नाव से नदी पार गए थे। वहां सभी ने खेतों से तरबूज और खरबूज तोड़े। इसके बाद सभी लोग नाव में बैठकर वापस गांव लौट रहे थे। नाव में फल भी रखे गए थे। लौटते समय नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया।
नदी के बीच पलटी नाव, मच गई चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव जैसे ही यमुना नदी के बीच पहुंची, वह अचानक पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार लोग तेज धारा में बहने लगे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। नदी किनारे चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और मछुआरे मौके की ओर दौड़े।
PA Murder Update : चंद्रनाथ हत्याकांड में 3 आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी, मुख्य शूटर की तलाश तेज
तीन लोगों की बची जान, चार बच्चे अब भी लापता
हादसे के दौरान विष्णु निषाद और एक बच्चे ने तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि छह लोग नदी में बह गए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। चार बच्चे अभी भी लापता हैं। बच्चों के गायब होने से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज बारिश और धारा से रेस्क्यू में परेशानी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और SDRF की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। लेकिन लगातार हो रही बारिश, तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन आसपास के इलाकों में भी तलाश कर रहा है।
TN New Govt : कांग्रेस से हाथ मिलाने के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा किया पेश, AIDMK को दिया झटका
प्रशासन ने तेज किया सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों के अनुसार, लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि बच्चों का जल्द पता लगाया जा सके। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे भीड़ न लगाने की अपील की है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन लगातार अपने बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।