Hardik Pandya FIR : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद जश्न के दौरान पंड्या ने तिरंगे का उचित सम्मान नहीं किया।
वायरल वीडियो के आधार पर शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार, भारत की जीत के बाद मैदान में जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन वीडियो में हार्दिक पंड्या कंधे पर तिरंगा ओढ़कर मैदान में दौड़ते और नाचते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि जश्न के दौरान एक मंच पर पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए नजर आए और उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह तिरंगे का इस्तेमाल करना राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
राष्ट्रीय ध्वज कानून का दिया हवाला
वकील वाजिद खान ने अपनी शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 का हवाला दिया है। इस कानून के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान को रोकने के लिए सख्त प्रावधान किए गए हैं।
कानून के तहत तिरंगे को जमीन पर गिराना, अनुचित तरीके से पहनना या किसी भी तरह उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय अपराध माना जाता है। वकील ने इसी कानून की धारा 2 के तहत कार्रवाई की मांग की है।
Share Market Today : शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुले, सेंसेक्स 960 अंक से ज्यादा टूटा
पुलिस ने स्वीकार की शिकायत
वकील के अनुसार शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि उन्होंने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत कहीं भी दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी लिखित शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी उन्हें दे दी।
#WATCH | Pune: Advocate Wajid Khan says, “You must have seen the T20 World Cup here. Hardik Pandya was dancing with his girlfriend in celebration of his victory. The national flag was tied to his back… According to Section 2 of the 1971 National Flag Act, we should respect the… pic.twitter.com/mHVHn336ql
— ANI (@ANI) March 12, 2026
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने जीता खिताब
दरअसल, यह मामला उस जश्न से जुड़ा है जब भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। यह भारत का तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप खिताब है। इससे पहले इंडिया टीम ने 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीती थी।
खास बात यह रही कि पहली बार किसी टीम ने अपने ही देश में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।
