Truck Bus Accident Fire : मार्कापुरम। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। रायवरम के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्ट में 14 मौतों की बात कही गई थी, लेकिन बाद में सीएम ऑफिस ने 13 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की।
टक्कर के बाद लगी आग
जानकारी के मुताबिक, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब अचानक बस और डंपर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलने लगी। आग बुझाने में दमकल टीमों को करीब तीन घंटे का समय लगा।
Gas Crisis Charge : ‘गैस क्राइसिस चार्ज’ के नाम पर वसूली पर सख्ती, ज्यादा पैसे मांगे तो होगी सजा
क्या बोले एसपी वी. हर्षवर्धन राजू
मरकापुरम के एसपी वी. हर्षवर्धन राजू के अनुसार, इस हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें डंपर ड्राइवर भी शामिल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 35 यात्री सवार थे और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
सीएम और पीएम ने जताया शोक
इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) ने गहरा दुख जताया है। वहीं PM नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
पहले भी हो चुके हादसे
गौरतलब है कि हाल के महीनों में इस तरह के आग वाले बस हादसे कई बार सामने आ चुके हैं। दिसंबर 2025 में चित्रदुर्ग (Chitradurga) में और नवंबर 2025 में जैसलमेर (Jaisalmer) में भी इसी तरह के हादसों में कई लोगों की जान गई थी। इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और बसों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।