Bengal Elections 2026 : कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 19 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पानीहाटी सीट से रत्ना देबनाथ को टिकट दिए जाने को लेकर हो रही है।
बता दें कि, रत्ना देबनाथ वही महिला हैं, जिनकी बेटी आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता थी। भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारकर एक बड़ा राजनीतिक और भावनात्मक दांव चला है।
टिकट मिलने के बाद क्या बोलीं रत्न देबनाथ
टिकट मिलने के बाद रत्ना देबनाथ ने कहा कि उन्होंने खुद चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी और पार्टी लंबे समय से उनके संपर्क में थी। काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने यह फैसला लिया।
उनका यह भी कहना है कि वह अपनी बेटी को न्याय दिलाने और समाज में बदलाव लाने के उद्देश्य से राजनीति में आई हैं। इस फैसले को भाजपा की ओर से एक मजबूत संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे को प्रमुखता दे रही है।
तीसरी सूची में इनका नाम शामिल
बीजेपी की इस तीसरी सूची में कूचबिहार दक्षिण से रथीन्द्र नाथ बोस, राजगंज (एससी) से दिनेश सरकार, इस्लामपुर से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद से हरिपद बर्मन और इंग्लिश बाजार से अमलन भादुरी को टिकट दिया गया है।
Bengal Election 2026 : चुनाव आयोग ने बंगाल के DGP को हटाया, जानें कौन बने नए पुलिस चीफ
इसके अलावा शांतिपुर से स्वपन दास, हावड़ा मध्य से बिप्लब मंडल और उत्तरपाड़ा से दीपांजन चक्रवर्ती को भी उम्मीदवार बनाया गया है। इस तरह पार्टी अलग-अलग क्षेत्रों में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए नए और पुराने चेहरों का संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी की दो लिस्ट हो चुकी जारी
इससे पहले भाजपा दो सूचियां जारी कर चुकी है, जिनमें पहली सूची में 144 और दूसरी सूची में 111 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। पार्टी ने कई बड़े चेहरों को भी मैदान में उतारा है, जिनमें शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से टिकट दिया गया है। भवानीपुर सीट से ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं, जिससे यह मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
कब है बंगाल में चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। चुनावी माहौल में सभी पार्टियां पूरी ताकत झोंक रही हैं और ऐसे में बीजेपी का यह कदम चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।