Murshidabad Train Accident : मुर्शिदाबाद में ट्रेन ने स्कूल वैन स्कूल को मारी टक्कर, कई छात्रों की मौत
Murshidabad Train Accident : जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रेलवे फाटक बंद नहीं होने की वजह से हुआ। हादसे में कई बच्चों की मौत हो गई जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे है।
Murshidabad Train Accident : पश्चिम बंगाल। मुर्शिदाबाद में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बहरामपुर के करनासुवर्ण रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फाटक बंद नहीं होने की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय रेलवे लेवल क्रॉसिंग का फाटक बंद नहीं था। इसी दौरान स्कूल वैन ट्रैक पार करने लगी और अचानक ट्रेन वहां पहुंच गई। तेज रफ्तार ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि की जाएगी।
रेलवे ने गेटमैन को किया गिरफ्तार
ईस्टर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिबराम मांझी ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। रेलवे ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है, जो सभी पहलुओं की जांच करेगी। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है।
केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मौत दुखद होती है, लेकिन मासूम बच्चों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फाटक समय पर बंद होता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाता, तो शायद इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।
फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है तथा घायलों के इलाज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने भी भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात कही है।