PM Modi FB video : फेसबुक पर PM मोदी का वीडियो ब्लॉक किए जाने पर META ने मांगी माफी, ये बताई वजह
PM Modi FB video : वीडियो खोलने पर यूजर्स को एक संदेश दिखाई दे रहा था। इसमें लिखा था कि कानूनी अनुरोध के कारण यह मीडिया भारत में उपलब्ध नहीं है।
PM Modi FB video : नई दिल्ली। नीट पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Gen Z से जुड़े वीडियो को लेकर फेसबुक पर नया विवाद सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी का यह वीडियो कुछ समय के लिए भारत में फेसबुक पर उपलब्ध नहीं था। वीडियो खोलने पर यूजर्स को एक संदेश दिखाई दे रहा था। इसमें लिखा था कि कानूनी अनुरोध के कारण यह मीडिया भारत में उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कुछ घंटे बाद वीडियो फिर से फेसबुक पर दिखाई देने लगा। बाद में सामने आया कि यह किसी सरकारी रोक या जानबूझकर की गई कार्रवाई का मामला नहीं था। मेटा के मुताबिक, तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह समस्या हुई थी।
बीजेपी ने Meta पर उठाए सवाल
वीडियो के कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं होने के बाद बीजेपी की ओर से मेटा पर सवाल उठाए गए। महाराष्ट्र बीजेपी की प्रवक्ता और पार्टी की आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी प्रीति गांधी ने इस मामले पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने सवाल उठाया कि भारत के प्रधानमंत्री ने युवाओं से जुड़ने के लिए वीडियो साझा किया था। ऐसे में भारत में ही उस वीडियो की उपलब्धता क्यों रोकी गई? इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई।
सूत्रों ने ब्लॉक किए जाने के दावे को बताया गलत
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक यह दावा सही नहीं है कि फेसबुक ने पीएम मोदी के वीडियो को जानबूझकर ब्लॉक किया था। सूत्रों ने बताया कि वीडियो को स्थायी रूप से हटाया या प्रतिबंधित नहीं किया गया था।
यह कुछ समय के लिए तकनीकी समस्या के कारण दिखाई नहीं दे रहा था। अब वीडियो दोबारा उपलब्ध है और यूजर्स इसे देख सकते हैं। इसलिए इसे सरकार की ओर से लगाए गए किसी प्रतिबंध से जोड़ना सही नहीं माना जा रहा है।
Meta ने सरकार से मांगी माफी
सूत्रों के अनुसार, मेटा ने इस तकनीकी गड़बड़ी के लिए सरकार से माफी मांगी है। कंपनी ने माना कि वीडियो की उपलब्धता में आई समस्या उसकी तकनीकी गलती की वजह से हुई थी।
सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस संबंध में मेटा के अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है। हालांकि, इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पीएम मोदी का वीडियो कुछ घंटों बाद फिर से फेसबुक पर उपलब्ध हो गया है।
क्या था पीएम मोदी के वीडियो में?
पीएम मोदी के इस वीडियो में उन्होंने युवाओं और Gen Z को संबोधित किया था। वीडियो में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों को लेकर सरकार की कार्रवाई का जिक्र किया गया था।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार आगे और सख्त कदम उठाएगी। इसी बीच वीडियो का कुछ समय के लिए फेसबुक पर उपलब्ध नहीं होना चर्चा का विषय बन गया।
आधी रात के बाद दिखा था कानूनी अनुरोध वाला संदेश
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 1:25 बजे वीडियो पर दिए गए ‘See Why’ विकल्प के जरिए जानकारी सामने आई थी। इसमें भारत में वीडियो उपलब्ध नहीं होने की वजह कानूनी अनुरोध बताई गई थी।
हालांकि, इस संदेश में यह साफ नहीं किया गया था कि किस कानून या किस सरकारी एजेंसी के अनुरोध पर वीडियो को रोका गया। बाद में मेटा की ओर से इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया गया।