Bhopal News: 96 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रहा बुजुर्ग दंपती, फिर ऐसे निकला चंगुल से बाहर!
Bhopal News: भोपाल के कोलार में बुजुर्ग दंपती को साइबर ठगों ने 19 मई से 23 अगस्त तक 96 दिन डिजिटल अरेस्ट में रखा. दिल्ली पुलिस, CBI अधिकारी और सुप्रीम कोर्ट जज बनकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी.

Bhopal News: मध्य प्रदेश से साइबर ठगी का एक खौफनाक मामला सामने आया है. भोपाल के एक बुजुर्ग दंपती को जालसाजों ने लगभग तीन महीने तक डिजिटल अरेस्ट में रखा. साइबर ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अफसर, चीफ इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर और सुप्रीम कोर्ट का जज बताया था. ठगों ने दंपती को करोड़ों के मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी. डर के मारे दंपती ने जेवर गिरवी रखकर 22 लाख रुपये तक दे दिए, फिर भी ठगों ने पीछा नहीं छोड़ा.
19 मई को आया था पहला कॉल
पुलिस के अनुसार, पहला कॉल 19 मई को सुवर्णा के मोबाइल पर आया था. तब जालसाज ने खुद को दिल्ली के दरियागंज थाने का अफसर बताते हुए कहा था कि आपके नाम गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है. दिल्ली के केनरा बैंक खाते से नरेश गोयल के मनी लॉन्ड्रिंग केस में करोड़ों रुपये के लेनदेन का आरोप लगाया.
इसके बाद वीडियो कॉल पर पूछताछ शुरू हुई. दंपती को किसी से बात करने और घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया.
23 अगस्त तक चलती रही निगरानी
आरोपी जालसाजों ने बुजुर्ग दंपती से बात करने के लिए 7 अलग-अलग वॉट्सऐप नंबरों का इस्तेमाल किया था. 23 अगस्त तक वीडियो कॉल के जरिए निगरानी चलती रही.
जेवर गिरवी रख 22 लाख जमा किए
आरोपियों ने मामला खत्म करने के नाम पर एफडी और जेवर बेचने या गिरवी रखने को कहा। दंपती 10 जून को आंध्र प्रदेश से रवाना होकर 11 जून को भोपाल पहुंचे। 12 जून को जेवर गिरवी रखकर 22 लाख रुपए जुटाए।
इस दौरान आरोपियों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में पांच बार रकम जमा की। ठगों ने संपर्क के लिए 7 अलग-अलग WhatsApp नंबरों का इस्तेमाल किया। 22 लाख रुपए देने के बाद भी दंपती को नहीं छोड़ा गया।
बेटी की सहेली ने खोला फर्जीवाड़े का राज
ठगों द्वारा भेजे गए कथित आदेश को जब दंपती की बेटी ने सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रही अपनी सहेली को दिखाया, तो पूरा मामला सामने आ गया। दस्तावेज की जांच के बाद पता चला कि दंपती के साथ साइबर ठगी की जा रही थी। इसके बाद 23 अगस्त की रात दंपती ने कोलार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।