MP Employees Promotion: प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, CM मोहन ने किया बड़ा ऐलान
MP Employees Promotion: सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में लंबित प्रमोशन के लिए इस साल सभी विभागों में DPC होगी और आगे हर साल नियमित पदोन्नति प्रक्रिया जारी रहेगी।
MP Employees Promotion: मध्य प्रदेश के लाखों सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लंबित पदोन्नति को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारियों की प्रमोशन प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी नहीं रहेगी। सभी विभागों में इस साल से विभागीय पदोन्नति समिति यानी DPC की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और आगे हर साल नियमित रूप से प्रमोशन का सिलसिला जारी रहेगा।
हर साल होगी DPC, कर्मचारियों को मिलेगा प्रमोशन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया अब रुकेगी नहीं। इस साल सभी विभागों में पदोन्नति के लिए DPC शुरू होने वाली है। इसमें पात्र कर्मचारियों को नियमों के अनुसार प्रमोशन का लाभ दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारियों के अधिकार को लेकर सीएम का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, भत्ते और पदोन्नति का लाभ मिलना उनका अधिकार है। सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी दिखाई देती है और इससे उनके भीतर नई ऊर्जा का संचार होता है। इसका सकारात्मक असर उनके काम और परिवार दोनों पर पड़ता है।
‘देरी से लिया फैसला भी अन्याय के समान’
सीएम मोहन यादव ने कहा कि कर्मचारियों को उनके अधिकार समय पर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी लाभ में अनावश्यक देरी भी एक तरह से अन्याय के समान है। राज्य सरकार कर्मचारियों को समय पर सभी जरूरी लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि पदोन्नति की प्रक्रिया नियमित रहे और पात्र कर्मचारियों को इसके लिए वर्षों तक इंतजार न करना पड़े।
मंत्रालय कर्मचारियों ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन
मुख्यमंत्री के कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका अभिनंदन भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता अंजली वर्मा को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सरकार के फैसले से कर्मचारियों में उम्मीद
लंबित प्रमोशन को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए नियमित DPC का ऐलान अहम माना जा रहा है। अगर विभागीय स्तर पर प्रक्रिया तय समय पर आगे बढ़ती है तो कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि कर्मचारी हित सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रमोशन का क्रम अब नियमित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।