Bhopal Student Protest: भोपाल में युवाओं का प्रदर्शन, सोनम वांगचुक और CJP के समर्थन में नीलम पार्क में गरजे छात्र
भोपाल के नीलम पार्क में युवाओं ने बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों पर प्रदर्शन कर रिक्त पदों पर भर्ती और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
Bhopal Student Protest: राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में छात्रों और युवाओं ने सोनम वांगचुक और CJP के समर्थन में प्रदर्शन किया। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
नीलम पार्क में जुटे छात्र-युवा
भोपाल के नीलम पार्क में बड़ी संख्या में छात्र और युवा एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने सोनम वांगचुक और CJP के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर नारे लगाए।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरा
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज, बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार, नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े और प्रदेश के 94 हजार सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे उठाए। उनका कहना था कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों में सरकार जवाब दे।
खाली पदों पर भर्ती की मांग
आंदोलनकारियों ने मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि लाखों युवा रोजगार का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया लगातार प्रभावित हो रही है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और परीक्षा संबंधी विवादों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।