MP Semiconductor : MP में 6200 करोड़ का सेमीकंडक्टर निवेश, सीएम बोले- पारस डिफेंस लाएगी 2500+ नौकरियां
MP Semiconductor : परियोजना के लिए भूमि का प्रारंभिक चयन हो चुका है और जल्द ही भूमि आवंटन का प्रस्ताव सरकार को सौंपा जाएगा।
MP Semiconductor : भोपाल। मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने निवेशकों से प्रदेश में खुलकर निवेश करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योगों की स्थापना से लेकर सभी जरूरी प्रक्रियाओं में पूरा सहयोग देगी।
6,200 करोड़ का निवेश, 2,500 से ज्यादा रोजगार
कंपनी ने बताया कि वह मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित करेगी। पहले चरण में करीब 6,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे 2,500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
परियोजना के लिए भूमि का प्रारंभिक चयन हो चुका है और जल्द ही भूमि आवंटन का प्रस्ताव सरकार को सौंपा जाएगा। इस निवेश से प्रदेश में हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
सेमीकंडक्टर नीति से प्रभावित हुई कंपनी
प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश की सेमीकंडक्टर नीति से प्रभावित होकर पारस डिफेंस ने राज्य में निवेश का फैसला लिया है। बैठक में प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रम, एमपीआईडीसी के प्रबंध निदेशक चन्द्रमौली शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना प्रदेश को हाईटेक उद्योगों का नया केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उज्जैन में बनेगी विश्वस्तरीय OSAT यूनिट
एमपीआईडीसी के अनुसार, कंपनी उज्जैन के डीएमआईसी विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में विश्वस्तरीय OSAT (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) यूनिट स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके लिए लगभग 50 एकड़ भूमि की जरूरत होगी, जिसमें से करीब 40 एकड़ भूमि का प्रारंभिक चयन किया जा चुका है।
पारस डिफेंस रक्षा, अंतरिक्ष और एयरोस्पेस क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है। यह परियोजना मध्यप्रदेश को देश के उभरते सेमीकंडक्टर हब के रूप में स्थापित करने के साथ निवेश और रोजगार को भी नई दिशा देगी।