Amit Shah: बिहार दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (18 सितंबर 2025) को कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा को फेक नैरेटिव बताते हुए कहा कि इसका असली मकसद बांग्लादेश से आए अवैध घुसपैठियों को बचाना था।
सासाराम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “राहुल गांधी की यात्रा शिक्षा, रोजगार, बिजली या सड़क विकास पर नहीं थी। यह दरअसल घुसपैठियों को वोट और सुविधाएं दिलाने की कोशिश थी। क्या घुसपैठियों को मुफ्त राशन, वोट का अधिकार, नौकरी और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलना चाहिए?”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर बार झूठा नैरेटिव फैलाती है। पहले भी उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा एससी-एसटी का आरक्षण खत्म करना चाहती है, जबकि ऐसा कभी नहीं हुआ।
अमित शाह ने बिहार की जनता को आगाह करते हुए कहा कि अगर विपक्ष सत्ता में आया तो हर जिला घुसपैठियों से भर जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की असलियत बताएं।
अपने संबोधन में शाह ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू यादव अगर पूरी जिंदगी भी मुख्यमंत्री रहें, तो भी उतना विकास नहीं कर सकते जितना एनडीए सरकार ने किया है। उन्होंने लालू शासन को चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला और लैंड फॉर जॉब जैसे मामलों से जोड़ते हुए कहा कि इन भ्रष्टाचारों ने बिहार को पीछे धकेल दिया।
मंच पर शाह के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा नेता विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और राज्य सरकार के मंत्री प्रेम कुमार व संतोष कुमार सिंह भी मौजूद थे।