PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर की सुबह इंदौर पहुंचेंगे और यहां से सीधे धार जिले के भायसोला गांव जाएंगे। इस दौरान वे ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और पोषण अभियान’, ‘आदि सेवा पर्व’ और ‘स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही देश के पहले ‘पीएम मित्रा पार्क’ का शिलान्यास भी करेंगे।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और पोषण अभियान’ महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस अभियान के तहत व्यापक स्वास्थ्य जांच, एनीमिया रोकथाम, संतुलित आहार और मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता फैलाई जाएगी। शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को मुफ्त सेवाएं दी जाएंगी। उनका कहना है कि एक स्वस्थ महिला ही मजबूत परिवार और राष्ट्र की आधारशिला है।
₹23,146 करोड़ का निवेश और ‘पीएम मित्रा पार्क’
पीएम मोदी इस मौके पर देश के पहले पीएम मित्रा पार्क की नींव भी रखेंगे। यह पार्क 2,158 एकड़ भूमि पर तैयार होगा और इसमें विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, सोलर पावर प्लांट, पानी और बिजली की निरंतर आपूर्ति, आधुनिक सड़कें और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स होंगी।
अब तक इस पार्क के लिए ₹23,146 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्क का सबसे बड़ा लाभ कपास उत्पादक किसानों को होगा, क्योंकि यहां कपास से धागा, कपड़ा और परिधान तैयार कर सीधे निर्यात किए जाएंगे। इससे धार और मध्य प्रदेश को एक टेक्सटाइल हब के रूप में पहचान मिलेगी।
3 लाख रोजगार के अवसर
इस प्रोजेक्ट से लगभग तीन लाख रोजगार सृजित होंगे, जिनमें एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख अप्रत्यक्ष नौकरियां शामिल हैं। कपास आधारित उद्योगों के विस्तार से किसानों को उनकी फसल का दोगुना मूल्य मिलेगा और गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
आदि सेवा पर्व और स्वच्छता अभियान
पीएम मोदी ‘आदि सेवा पर्व’ की भी शुरुआत करेंगे, जो आदिवासी गौरव और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक होगा। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत हर गांव के लिए दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा।
साथ ही 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता और सेवा अभियान भी चलेगा, जिसके तहत सफाई कार्यक्रम, ‘नमो उपवन’ का विकास, ‘नमो मैराथन’, खादी और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियां तथा स्कूलों और कॉलेजों में प्रतियोगिताएं होंगी।
‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान
पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान की शुरुआत भी करेंगे। इसके तहत वे महिला स्वयं सहायता समूह की एक सदस्य को पौधा भेंट करेंगे।
READ MORE: पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह और कई नेताओं ने दी बधाई