The Bengal Files Controversy: विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ रिलीज से पहले ही मुश्किलों से घिर गई है। पश्चिम बंगाल में कुछ सिनेमा घरों ने कथित धमकियों के कारण फिल्म न दिखाने का फैसला लिया है। इसी बीच फिल्म की निर्माता और एक्ट्रेस पल्लवी जोशी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर गुहार लगाई है। उनका कहना है कि “जैसे कला को सुरक्षा चाहिए, वैसे ही सच को भी संरक्षण मिलना जरूरी है।”
पल्लवी जोशी का दर्द
पल्लवी ने पत्र में लिखा कि फिल्म 5 सितंबर को रिलीज हो रही है। इसमें डायरेक्ट एक्शन डे के हिंदू नरसंहार, नोआखली की घटनाओं और विभाजन के दर्द को दिखाया गया है। लेकिन बंगाल में फिल्म को लेकर माहौल डर का है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने फिल्म बनने से पहले ही इसका मजाक उड़ाया था। इसके बाद बेबुनियाद FIR दर्ज हुईं, ट्रेलर को ब्लॉक किया गया और अखबारों ने विज्ञापन छापने से इनकार कर दिया।
पल्लवी ने दावा किया कि उनके परिवार और थिएटर मालिकों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई आधिकारिक प्रतिबंध नहीं है, लेकिन एक अनौपचारिक बैन फिल्म को रिलीज होने से रोक रहा है।
राष्ट्रपति से उम्मीद
इस पत्र में पल्लवी जोशी ने लिखा,“मैं सरकार से किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रही, मैं सिर्फ यही चाहती हूं कि कला और सच्चाई बिना डर के बोल सके। आप मेरी आखरी आशा हैं।”
उन्होंने राष्ट्रपति से संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने और फिल्म को बंगाल में शांति से रिलीज कराने की अपील की।
द बंगाल फाइल्स के बारे में
‘द बंगाल फाइल्स’ विवेक अग्निहोत्री की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है। इससे पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द ताशकंद फाइल्स’ रिलीज हो चुकी हैं।
आपको बता दें कि इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी के साथ-साथ दर्शन कुमार अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
READ MORE: शिल्पा शेट्टी का रेस्टोरेंट नहीं हो रहा है बंद: एक्ट्रेस ने किया दो नए आउटलेट का ऐलान