MP News: मध्यप्रदेश में खाद संकट गहराने लगा है। किसानों को लंबे समय तक लाइन में लगना पड़ रहा है। रीवा और सतना में हालात बिगड़ गए। कई जगह किसानों ने प्रदर्शन किया और रीवा में तो लाठीचार्ज भी हुआ।
इसी बीच सतना से बीजेपी सांसद गणेश सिंह ने किसानों की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा कि खाद वितरण पारदर्शी नहीं है। निजी दुकानों पर ऊंचे दामों पर खाद बिक रही है और छोटे किसान दर-दर भटक रहे हैं।
गणेश सिंह का पत्र
सांसद ने कहा कि डबल लॉक व्यवस्था में सिर्फ सोसायटी के सदस्य किसानों को ही खाद मिल रही है। जबकि सीमांत और छोटे किसान परेशान हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की और कहा कि जरूरत पड़ने पर वे और उनकी पार्टी हर तरह का सहयोग देने को तैयार हैं।
जीतू पटवारी का सरकार पर हमला
बीजेपी सांसद का पत्र सोशल मीडिया पर आते ही कांग्रेस को सरकार पर हमला करने का मौका मिल गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट लिखते हुए कहा, “हम तो पहले ही कहते थे, यह सरकार निकम्मी है। भाजपा का विधायक कहता है निकम्मी, भाजपा सांसद पत्र लिखकर कहता है निकम्मी और किसान लाइन में लगकर कह रहे हैं यह सरकार निकम्मी है।”
पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया कि आखिर किसानों को खाद कब मिलेगी।
सांसद का पलटवार
पटवारी के बयान के बाद सांसद गणेश सिंह ने कहा कि उनका मकसद किसानों को राहत दिलाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी ने मनगढ़ंत और राजनीतिक षड्यंत्र से भरा पोस्ट लिखा है।
सांसद ने कहा कि मोहन सरकार किसानों और हर वर्ग के साथ खड़ी है और कांग्रेस बौखलाहट में ओछी राजनीति कर रही है।
सरकार का दावा
वहीं कृषि विभाग का कहना है कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त खाद उपलब्ध है और वितरण लगातार किया जा रहा है।
खाद संकट से किसान परेशान हैं। एक तरफ सरकार कमी से इनकार कर रही है तो दूसरी तरफ मैदान में किसान घंटों कतार में लगकर थक रहे हैं।
READ MORE: इंदौर एमवाय अस्पताल के चूहा कांड पर राहुल गांधी ने सरकार पर बोला हमला, कहा- यह हादसा नहीं हत्या है