मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच पहले जुबानी जंग ,फिर पोस्टर वॉर चला। अब एक नया मुद्दा सुर्खिया बटोर रहा है। ये मुद्दा कोई और नहीं बल्कि “राम मंदिर” है। जिसपर न जाने कितनी लड़ाई लड़ी गई और अब ये मंदिर बनकर तैयार होने वाला है। एमपी में ये मुद्दा अब तूल पकड़ रहा है। दरअसल , बीजेपी ने भोपाल ,इंदौर समेत अन्य शहर में राम मंदिर निर्माण के बड़े नेताओं समेत पोस्टर लगाए। अब कांग्रेस पार्टी इसकी शिकायत लेकर निर्वाचन आयोग पहुंच गई है।
सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अब इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ,“मैं सबसे पहले तो प्रियंका जी से यही सवाल पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको तकलीफ क्या है? कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत की, कि भगवान राम के मंदिर के फोटो होडिंग लगाए जा रहे हैं। राम तो रोम रोम में बसे हैं, आप कभी राम को काल्पनिक बताते थे तो कभी कहते थे की मंदिर वहीँ बनवाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। अब तो तारीख पता है 22 जनवरी अब भव्य और दिव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। उन्होंने आगे कहा कि ,अब होर्डिंग उतरवाने की बात करते हैं। राम हों, भगवान महाकाल हो, यह कहीं से नहीं हटाए जा सकते लेकिन कांग्रेस बताएं उसका दृष्टिकोण क्या है?’
वहीँ कांग्रेस की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘कांग्रेस की असली दिक्कत प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से और श्री राम से है। कांग्रेस को घृणा सनातन से तो थी ही, अब नफरत का स्तर इतना बढ़ गया है कि कांग्रेस को राम मंदिर के चित्र वाले होर्डिंगों से भी पीड़ा होने लगी है.’ कांग्रेस का कहना है, भगवान राम देश के है, बिल्कुल सही है फिर कांग्रेस को भी भगवान राम को होर्डिंग लगाने चाहिए लेकिन अगर उनका बाबर प्रेम सर्वापरी है, तो वह जाकर बाबर के होर्डिंग लगाएं।
नेताओं ने राम मंदिर निर्माण में दी सहयोग राशि – राकेश सिंह
इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने कहा कि, राम मंदिर ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने राम मंदिर निर्माण के लिए किया है। देश में अनेक धर्म और राजनीतिक दलों के नेताओं ने मंदिर निर्माण में सहयोग राशि दी है। ऐसे में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा चुनाव चिन्ह के साथ भाजपा विधानसभा प्रत्याशियों के फोटो लगाकर धर्म के आधार पर लोगों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन है।
कांग्रेस कर रही सद्बुद्धि की कामना
वहीँ दूसरी ओर कांग्रेस बीजेपी नेताओं की सद्बुद्धि के लिए कामना कर रही है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने वीडी शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि, भगवान राम उन्हें सद्बुद्धि दे,राम भक्त, आस्था, त्याग का विषय हैं श्रीराम की कोई पार्टी नहीँ है तो दलगत राजनीति का विषय कैसे हो सकते हैं। भगवान राम के दरबार में जाएंगे तो उन्हे सद्बुद्धि मिलेगी।
ये भी पढ़े – एमपी में प्रियंका गांधी ने कह दी ये बड़ी बात की जनता हो गई कंफ्यूज