Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं के नाम एक विशेष पत्र जारी कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बाबा बर्फानी के दर्शन को हर शिवभक्त का सौभाग्य बताते हुए यात्रा को भारत की आस्था, सांस्कृतिक एकता और सनातन परंपरा का प्रतीक बताया। साथ ही श्रद्धालुओं से पांच अहम संकल्प लेने और यात्रा के दौरान जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
बाबा बर्फानी के दर्शन को बताया सौभाग्य
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि अमरनाथ यात्रा में शामिल होना हर शिवभक्त के लिए सौभाग्य की बात है। बाबा बर्फानी के दर्शन लाखों श्रद्धालुओं के लिए जीवन का अविस्मरणीय अनुभव होते हैं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों और भाषाओं के लोग एक ही आस्था के साथ इस पवित्र यात्रा में शामिल होते हैं, जो भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है।
VB G-RAM-G Act Launched: मनरेगा की जगह नई ग्रामीण रोजगार व्यवस्था! बढ़ी मजदूरी और 125 दिन का रोजगार
सुरक्षा व्यवस्था और सेवाभाव की सराहना
पीएम मोदी ने श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन, भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईटीबीपी, बीएसएफ, एनडीआरएफ, डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई कर्मचारियों और सेवा में लगे सभी स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने स्थानीय लोगों की मेहमाननवाजी और देशभर से लगाए जा रहे लंगर व भंडारों को भारतीय सेवा परंपरा का बेहतरीन उदाहरण बताया।
श्रद्धालुओं से लिए 5 अहम संकल्प
प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने तथा बारिश और ठंड से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्थानीय उत्पाद खरीदने का आग्रह किया, ताकि जम्मू-कश्मीर के लोगों की आजीविका को मजबूती मिल सके। इसके अलावा रक्षाबंधन पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देने का भी आह्वान किया।
सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा आस्था, सेवा और राष्ट्रीय एकता का भव्य उत्सव बनेगी। उन्होंने बाबा अमरनाथ से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सफल और मंगलमय यात्रा तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और नई ऊर्जा का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।