Aayudh

Categories

Weather Update : मौसम का डबल अटैक, यूपी में आंधी-तूफान से 94 मौतें; राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का कहर

Weather Update

Weather Update :  नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं तेज आंधी और बारिश तबाही मचा रही है तो कहीं भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है। उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान के कारण कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से भारी तबाही

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में बुधवार को तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज में और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं।

कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। बरेली में एक युवक टीनशेड सहित हवा में उड़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 51 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

Weddings Without Gold : क्या बिना सोने के हो सकती है शादी? PM मोदी की अपील के बाद शुरू हुई नई बहस

बांदा में बढ़ा तापमान, गर्मी से लोग बेहाल

उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के समय सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही हाल बना रह सकता है।

राजस्थान में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालांकि राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, लेकिन इससे गर्मी में ज्यादा राहत नहीं मिली।

Gold – Silver Prices : सोना 9,000 रुपए तक महंगा! चांदी में 18,000 का उछाल, ड्यूटी बढ़ाकर 15% करने का असर

मध्य प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का असर

मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। राज्य के 25 से ज्यादा जिले हीटवेव की चपेट में हैं। खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 18 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में रात के समय भी गर्मी बनी रहने की चेतावनी दी गई है। लगातार बढ़ती गर्मी से बिजली और पानी की मांग भी बढ़ गई है।

हरियाणा और बिहार में मौसम का बदला मिजाज

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नारनौल राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 17 मई से हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

दूसरी ओर बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत 7 जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Tamil Nadu Politics : थलापति विजय का यूटर्न! ज्योतिषी को OSD के पद से हटाया, कल ही की थी नियुक्ति

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। देहरादून में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई पहाड़ी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान

15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का असर बना रह सकता है। झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *