Bhopal Viral Video : मध्य प्रदेश। राजधानी भोपाल में रविवार शाम एक होटल में हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। गौतम नगर इलाके के एक होटल में ठहरे युवक और युवती को लेकर हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। आरोप है कि मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई और उसके चेहरे पर स्याही व गोबर पोत दिया गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षा में लेकर थाने ले गई। मामले ने शहर में चर्चा और विवाद दोनों को बढ़ा दिया है।
होटल में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, मामला गौतम नगर स्थित एक होटल का है। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों को सूचना मिली थी कि होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती ठहरे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग होटल पहुंच गए। वहां पहुंचकर युवक और युवती को कमरे से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को कथित ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए विरोध शुरू कर दिया।
युवक के साथ मारपीट और अभद्रता
हंगामे के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया। इसके अलावा युवक को अर्धनग्न कर अपमानित करने की कोशिश भी की गई। घटना के दौरान होटल परिसर में काफी तनाव का माहौल बन गया था। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
युवती ने जबरदस्ती से किया इनकार
थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। युवती ने साफ कहा कि उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती, दुराचार या गलत व्यवहार नहीं हुआ। उसने युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करने से भी इनकार कर दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि वह युवक से मिलने के लिए होटल पहुंची थी।
Nirmala Sapre : जो 300 करोड़ देगा मैं उसी के साथ, बीना विधायक निर्मला सप्रे के बयान से गरमाई सियासत
युवक और युवती की पहचान सामने आई
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आरिफ खान के रूप में हुई है। युवती अयोध्यानगर इलाके की रहने वाली बताई गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटना से करीब दो घंटे पहले होटल में चेक-इन करने पहुंचे थे। हंगामे की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस जांच में सामने आया आपराधिक रिकॉर्ड
जांच के दौरान पुलिस को युवक आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, चोरी और अमानत में खयानत समेत कई मामले दर्ज हैं।
कोर्ट में भी उसके खिलाफ पांच केस चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और कुछ अन्य मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
संगठन ने खुद को घटना से अलग बताया
मामले के बाद विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी जितेंद्र चौहान का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि इस घटना से बजरंग दल का कोई लेना-देना नहीं है। उनके अनुसार, घटना में शामिल लोग बजरंग दल के पदाधिकारी नहीं हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और होटल में मौजूद CCTV फुटेज सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।