Gold Silver and Stock Market : मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कमजोर वैश्विक संकेतों का असर सोमवार को भारतीय बाजारों पर साफ दिखाई दिया। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं सोना और चांदी की कीमतों में भी कमजोरी दर्ज की गई।
कैसा रहा शेयर मार्केट
शेयर बाजार की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत गिरकर 76,847.57 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी50 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के दौरान बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
सेंसेक्स एक समय 1,682 अंक यानी 2.1 प्रतिशत गिरकर 75,868.32 के निचले स्तर तक पहुंच गया था, जबकि निफ्टी 495 अंक यानी 2 प्रतिशत टूटकर 23,555.60 तक आ गया था।
व्यापक बाजारों में भी कमजोरी का माहौल रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.57 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी ऑटो में 2.09 प्रतिशत, एफएमसीजी में 1.29 प्रतिशत और आईटी में 1.16 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके अलावा पीएसयू बैंक, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया, फार्मा और मेटल सेक्टर भी लाल निशान में बंद हुए।
निफ्टी50 के शेयरों में आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, इंडिगो, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और श्रीराम फाइनेंस के शेयरों में 2 से 5 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
वहीं एचडीएफसी लाइफ, अदाणी एंटरप्राइजेज, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, टीएमपीवी, कोल इंडिया और ओएनजीसी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
बाजार में गिरावट की मुख्य वजह अमेरिका-ईरान वार्ता का विफल होना और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल माना जा रहा है। इससे निवेशकों में चिंता बढ़ी है कि मध्य पूर्व का संकट लंबा खिंच सकता है।
तकनीकी नजरिए से देखें तो निफ्टी ने 23,500-23,600 के सपोर्ट जोन के आसपास शुरुआत की और दिन में रिकवरी की कोशिश की, लेकिन 23,900 के स्तर को पार नहीं कर पाया। यह स्तर अब रेजिस्टेंस बन गया है।
कमोडिटी बाजार में भी गिरावट
अगर निफ्टी इस स्तर से ऊपर नहीं टिकता है तो नीचे 23,500-23,600 का सपोर्ट अहम रहेगा। इसके नीचे जाने पर यह 23,300 और 23,000 तक फिसल सकता है।
इस बीच, कमोडिटी बाजार में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को करीब 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर सुबह 11:20 बजे गोल्ड फ्यूचर्स (5 जून 2026) 0.56 प्रतिशत यानी 859 रुपए गिरकर 1,51,793 रुपए पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसने 1,51,457 रुपए का न्यूनतम और 1,51,999 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
सोने-चांदी में भी गिरावट
चांदी की कीमतों में और ज्यादा गिरावट देखी गई। सिल्वर फ्यूचर्स (5 मई 2026) 1.93 प्रतिशत यानी 4,693 रुपए टूटकर 2,38,581 रुपए पर पहुंच गया।
कारोबार के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,37,190 रुपए और उच्चतम स्तर 2,39,068 रुपए रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 0.84 प्रतिशत गिरकर 4,747 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.33 प्रतिशत गिरकर 74.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विश्लेषकों के मुताबिक, सोना फिलहाल 4,700-4,750 डॉलर के दायरे में कारोबार कर रहा है और इसमें तेजी की संभावना सीमित है। अगर यह 4,650 डॉलर से नीचे जाता है तो कीमतें 4,600-4,570 डॉलर तक गिर सकती हैं।
ये रही गिरावट की बड़ी वजह
सोने-चांदी में गिरावट की बड़ी वजह डॉलर इंडेक्स की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को माना जा रहा है। डॉलर इंडेक्स 0.36 प्रतिशत बढ़कर 98.8 पर पहुंच गया, जिससे रुपया 55 पैसे कमजोर होकर खुला। वहीं कच्चा तेल 8 प्रतिशत से ज्यादा उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है।
गौरतलब है कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेगा। अब अगला कारोबारी दिन बुधवार को होगा, जो पूरी तरह वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजों पर निर्भर करेगा।