Bihar New CM : पटना। बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है और अगले 48 घंटे के भीतर राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। राजधानी पटना में मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार सुबह से ही बैठकों का दौर जारी है। नीतीश कुमार (Nitish Kumar) से जदयू और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली बैठक में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा हुई।
15 अप्रैल को शपथ ग्रहण
बैठक के बाद मंत्री जमा खान ने संकेत दिया कि बिहार में नई सरकार बनने जा रही है और 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि PM नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसी बीच पटना के डीएम त्यागराजन भी राजभवन पहुंचे और शपथ ग्रहण की तैयारियों को लेकर राज्यपाल से चर्चा की।
नई सरकार में कौन बनेगा मुख्यमंत्री
राजनीतिक गलियारों में लगातार बैठकों का दौर जारी है। नई सरकार में कौन मुख्यमंत्री बनेगा और किन नेताओं को मंत्री पद मिलेगा, इस पर मंथन चल रहा है। भाजपा और जदयू दोनों ही दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति तैयार कर रहे हैं। भाजपा ने अपने सभी विधायकों को 14 और 15 अप्रैल तक पटना में रहने के निर्देश दिए हैं।
नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक
14 अप्रैल का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। इस दिन सुबह 11 बजे नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की अध्यक्षता में कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। इसके बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। फिर एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
Bihar Politics : नीतीश के बेटे निशांत के हाथ आएगी JDU की कमान? आज JDU की अहम बैठक में होगा फैसला
शिवराज सिंह चौहान ने कही ये बात
भाजपा ने इस प्रक्रिया के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनकी मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को ही नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है।
सीएम की रेस में ये नाम शामिल
सम्राट चौधरी बिहार सरकार में डिप्टी CM हैं, कुशवाहा जाति से आते हैं और नीतीश कुमार के फेवरेट माने जाते हैं। संजीव चौरसिया BJP विधायक हैं, OBC समुदाय से आते हैं और पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं।
जनकराम BJP MLC हैं, अनुसूचित जाति से आते हैं और दलित चेहरा माने जाते हैं।
Bihar Politics : नितिन नवीन और नीतीश कुमार का इस्तीफा, मंत्री अशोक चौधरी रोए
महिलाओं में श्रेयसी सिंह और धर्मशीला गुप्ता का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। श्रेयसी सिंह बिहार सरकार में मंत्री हैं, राजपूत जाति से आती हैं और पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह की बेटी हैं।
वहीं धर्मशीला गुप्ता BJP की राज्यसभा सांसद हैं, वैश्य समाज से आती हैं और महिलाओं के बीच अच्छी पकड़ रखती हैं।
जदयू में भी मंत्रिमंडल के गठन को लेकर गहन मंथन चल रहा है। नए और पुराने चेहरों के संतुलन पर विचार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में अहम मानी जा रही है।
स्टेट हैंगर से लोकभवन तक बैरिकेडिंग
प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। स्टेट हैंगर से लोकभवन तक बैरिकेडिंग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जबकि बाद में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
कुल मिलाकर बिहार में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है। अगले दो दिनों में न केवल नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा, बल्कि नई सरकार का पूरा ढांचा भी सामने आ जाएगा, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।