Adhikari Nomination Chaos : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं नामांकन भरने के दौरान BJP-TMC कार्यकर्ताओं के बीच बहा हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि, लात घूसे भी चल गए।
नामांकन दाखिल करने से पहले सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और आसपास के इलाकों में रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतरे और “जय श्री राम” तथा “बीजेपी जिंदाबाद” के नारे लगाए। इसके बाद वह ‘सर्वे बिल्डिंग’ स्थित दफ्तर पहुंचे, जहां उन्होंने आधिकारिक तौर पर नामांकन दाखिल किया।
Raghav Chadha : सांसद राघव चड्ढा को AAP से बड़ा झटका, राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाया
बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प
नामांकन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब दफ्तर के बाहर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही झड़प में बदल गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इससे चुनाव से पहले राज्य में बढ़ते राजनीतिक तनाव की झलक साफ दिखाई दी।
शाह का ममता बनर्जी पर निशाना
कोलकाता में चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे बंगाल से एक ही आवाज सुनाई दे रही है कि ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने आरोप लगाया कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस की “गुंडागर्दी और रंगदारी” से परेशान हो चुकी है और बदलाव चाहती है।
सुवेंदु अधिकारी का ‘परिवर्तन’ का दावा
वहीं सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अमित शाह की मौजूदगी उनके प्रति पार्टी के समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि “अमित जी मुझे आशीर्वाद देने आए हैं।” उन्होंने आगे दावा किया कि बीजेपी भवानीपुर में “परिवर्तन” लाएगी और यह सीट भी नंदीग्राम की तरह राजनीतिक बदलाव की राह पर चलेगी।
चुनाव से पहले भवानीपुर में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियां और दोनों प्रमुख दलों के बीच टकराव राज्य की सियासत को और गरमा रहा है। आने वाले दिनों में यहां मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।