Aayudh

Categories

PM Modi Plucks Tea Leaves : चाय बागान पहुंचे पीएम मोदी, महिलाओं संग की बातचीत, सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल

PM Modi Plucks Tea Leaves

PM Modi Plucks Tea Leaves : असम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बुधवार सुबह असम के डिब्रूगढ़ में एक चाय बागान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम करने वाली महिला श्रमिकों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। यह दौरा काफी चर्चा में रहा और इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर किया अनुभव

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि असम की आत्मा चाय में बसती है और यहां की चाय पूरी दुनिया में मशहूर है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय उन्होंने चाय बागान में जाकर वहां काम करने वाली महिलाओं के साथ समय बिताया और उनके काम को करीब से देखा।

क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि चाय बागान के श्रमिक परिवारों की मेहनत और समर्पण पर देश को गर्व है। उन्होंने यह भी बताया कि पत्तियां तोड़ने के बाद उन्होंने महिलाओं से उनकी संस्कृति और जीवनशैली के बारे में भी बातचीत की। इस दौरान महिलाओं ने उनसे सेल्फी लेने की इच्छा जताई, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी पूरा किया।

चुनावी समय में पीएम मोदी का दौरा

यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब असम में विधानसभा चुनाव का माहौल गर्म है। 126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावी मैदान में सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी गठबंधन ‘असम सम्मिलित मोर्चा’ के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।

90 सीट पर चुनाव लड़ रही बीजेपी

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी करीब 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, उसके सहयोगी दलों में असम गण परिषद को 25 और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट को 11 सीटें दी गई हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन भी पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरा है और उसने कई उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

इसके अलावा, AIUDF, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसी पार्टियां भी मैदान में हैं, जिससे कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है। पीएम मोदी का यह दौरा चुनावी माहौल में अहम माना जा रहा है, जहां वे सीधे लोगों से जुड़ने की कोशिश करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *