Assam Elections 2026 : गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma) की हाई प्रोफाइल सीट जालुकबारी से कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग (Bidisha Neog) का नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिया गया है। इस फैसले से चुनावी मुकाबले में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने इस कार्रवाई के पीछे के तकनीकी कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कुछ जरूरी मानकों पर खरे न उतरने के चलते यह फैसला लिया गया।
अन्य कांग्रेस उम्मीदवारों को भी झटका
बिदिशा नियोग के अलावा ढाकुआखाना से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद नारा और हाफलोंग से निर्मल लांगथासा के नामांकन पत्र भी रद्द कर दिए गए हैं। हालांकि हाफलोंग सीट पर कांग्रेस के लिए राहत की खबर भी आई है, जहां भाजपा छोड़कर आईं कैबिनेट मंत्री नंदिता गालोंसा का नामांकन स्वीकार कर लिया गया है।
कुल 18 नामांकन हुए खारिज
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस बार जांच के दौरान कुल 18 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 3, VPI के 3, SUCI (C) और AJP के 1-1 उम्मीदवार के अलावा 8 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।
Navratri Special Story : 250 साल पुराना चमत्कारी मंदिर, यहां 111 साल से जल रही है अखंड ज्योत
776 उम्मीदवारों के पर्चे सही
अब तक की जांच में कुल 776 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। 124 सीटों पर जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 2 सीटों पर अभी नामांकन की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
असम चुनाव के इस शुरुआती दौर में कांग्रेस को लगा यह झटका उसके लिए चुनौती बन सकता है, खासकर जालुकबारी जैसी अहम सीट पर जहां मुकाबला पहले से ही हाई प्रोफाइल माना जा रहा था। अब आगे पार्टी क्या रणनीति अपनाती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।