Mhow Doctor Rape : इंदौर, मध्य प्रदेश। महू के पातालपानी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी डॉ. सईद खान (Dr. Saeed Khan) ने उसे ब्लैकमेल कर चार महीने तक दुष्कर्म किया।
आपत्तिजनक तस्वीरों से करता था ब्लैकमेल
पीड़िता के अनुसार, वह करीब चार महीने पहले गुजरखेड़ा इलाके में स्थित आरोपी के क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं। इसके बाद वह लगातार उन्हीं तस्वीरों के जरिए युवती को ब्लैकमेल करता रहा।
Gold and Silver Crash : सोने में आज 12 हजार- चांदी में 31 हजार की बड़ी गिरावट, जानिए क्या है वजह
रिसॉर्ट में पकड़ा गया रंगे हाथ
रविवार को आरोपी ने युवती को फिर से पातालपानी स्थित बेलामोर रिसॉर्ट बुलाया। इसकी जानकारी कुछ लोगों को मिल गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंच गए। यहां एक कमरे से आरोपी को युवती के साथ पकड़ लिया गया। इसके बाद लोगों ने आरोपी की पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
क्लिनिक में तोड़फोड़ के बाद लगा दी आग
घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। देर शाम युवती के परिजन, कुछ संगठन के कार्यकर्ता और ग्रामीण आम्बाचंदन स्थित आरोपी के घर पहुंचे, जहां तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई।
इसके बाद लोग गुजरखेड़ा स्थित उसके क्लिनिक पहुंचे और वहां भी पथराव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
क्या बोले टीआई प्रकाश वास्कले
बड़गोंदा थाने के टीआई प्रकाश वास्कले के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।