Dhurandhar 2 Box Office : मुंबई। रणवीर सिंह (Ranveer Singh) स्टारर फिल्म धुरंधर: द रिवेंज (Dhurandhar: The Revenge) यानी ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म ने पहले ही दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर 97 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया। इससे पहले साल 2023 में रिलीज हुई जवान ने पहले दिन 75 करोड़ रुपए की कमाई की थी। ‘धुरंधर 2’ ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।
रिलीज से पहले ही जबरदस्त रिस्पॉन्स
फिल्म को रिलीज से पहले ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। पेड प्रीव्यू के जरिए फिल्म ने 47 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह पेड प्रीव्यू और पहले दिन की कमाई को मिलाकर फिल्म की कुल कमाई 144 करोड़ रुपए पहुंच गई है। ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म के पहले वीकेंड के लिए करीब 200 करोड़ रुपए की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है।
आम तौर पर फिल्मों की 40 से 50 प्रतिशत सीटें ही एडवांस में बुक होती हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि गुरुवार से रविवार तक फिल्म का कुल कलेक्शन 500 करोड़ रुपए के पार जा सकता है।
21वीं सदी की दूसरी सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म
फिल्म की लंबाई भी चर्चा में है। ‘धुरंधरः द रिवेंज’ की अवधि 3 घंटे 49 मिनट है, जो इसे 21वीं सदी की दूसरी सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म बनाती है। इससे पहले LOC Kargil 4 घंटे 15 मिनट की अवधि के साथ सबसे लंबी फिल्म रही है। फिल्म का इंटरनेशनल वर्जन 3 घंटे 55 मिनट का है।
इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को आदित्य धर ने लिखा, डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। इसके अलावा ज्योति देशपांडे और लोकेश धर भी इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को Jio Studios ने प्रेजेंट किया है और यह बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है।
धुरंधर ने 1,303 करोड़ रुपए की कमाई
गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट को भी जबरदस्त सफलता मिली थी। फिल्म ने भारत और विदेशों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में करीब 1,303 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए और नेट कलेक्शन लगभग 836.95 करोड़ रुपए रहा था। इसके साथ ही यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी सिंगल-लैंग्वेज फिल्म बन गई थी।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म को बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला था। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया। खासतौर पर अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बाहुबली 2: द कन्क्लूजन (Baahubali 2: The Conclusion) का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया था। खास बात यह रही कि इतनी बड़ी सफलता फिल्म को तब मिली, जब इसे खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी।
हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्में
हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में धुरंधर पहले स्थान पर है। इस फिल्म ने भारत में ₹836.95 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। दूसरे स्थान पर पुष्पा 2 है, जिसने हिंदी वर्जन में ₹821 करोड़ कमाए।
इसके बाद जवान ने ₹643.87 करोड़, छावा ने ₹584 करोड़, बाहुबली-2 ने ₹500 करोड़, KGF चैप्टर-2 ने ₹435 करोड़, पठान ने ₹378.15 करोड़, कल्कि 2898 AD ने ₹295 करोड़, कांतारा चैप्टर-1 ने ₹215 करोड़ और RRR ने ₹200 करोड़ का इंडियन नेट कलेक्शन किया। ये आंकड़े मुख्य रूप से हिंदी भाषा या हिंदी वर्जन के कलेक्शन पर आधारित हैं।
अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में
टॉप 10 भारतीय फिल्मों का इंडियन नेट कलेक्शन भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में पुष्पा-2 ने इंडियन नेट कलेक्शन के मामले में पहला स्थान हासिल किया है।
फिल्म ने भारत में ₹1234.1 करोड़ का शानदार नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹1742.1 करोड़ रहा। दूसरे स्थान पर बाहुबली-2 है, जिसने भारत में ₹1030.42 करोड़ कमाए (वर्ल्डवाइड ₹1788.06 करोड़)।
तीसरे नंबर पर कन्नड़ सुपरहिट केजीएफ चैप्टर-2 रही, जिसने इंडियन नेट ₹859.7 करोड़ का आंकड़ा छुआ। इसके बाद धुरंधर (₹836.95 करोड़), आरआरआर (₹782.2 करोड़), कल्कि 2898 AD (₹646.31 करोड़), जवान (₹640.25 करोड़), कांतारा चैप्टर-1 (₹622.48 करोड़), छावा (₹601.54 करोड़) और स्त्री-2 (₹597.99 करोड़) क्रमशः टॉप 10 में शामिल हैं।