President Meet Premanand Maharaj : मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने उत्तर प्रदेश के मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज (Premanand Maharaj) से मुलाकात की। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बारिश के बीच वह अपने परिवार के साथ वृंदावन स्थित आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर संत को प्रणाम किया, जिस पर संत प्रेमानंद ने ‘राधे-राधे’ कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति ने प्रेमानंद महाराज को दी जन्मदिन की बधाई
आश्रम में संतों ने राष्ट्रपति का माला और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने प्रेमानंद महाराज को उनके जन्मदिन की भी बधाई दी। बता दें कि 19 मार्च को उनका 56वां जन्मदिन था। दोनों के बीच करीब 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा हुई, जिसमें राष्ट्रपति भाव-विभोर नजर आईं। इस दौरान कुटिया में केवल राष्ट्रपति, उनके परिवारजन और संत के करीबी शिष्य ही मौजूद रहे।
अयोध्या में राम लला के भी करें दर्शन
राष्ट्रपति मुर्मू तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने अयोध्या (Ayodhya) में रामलला के दर्शन किए थे और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद वह शाम को मथुरा पहुंचीं। यहां उन्होंने इस्कॉन मंदिर वृन्दावन (ISKCON Temple Vrindavan) में राधा-श्याम सुंदर का पूजन किया और बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट भी बांटी। इसके अलावा उन्होंने प्रेम मंदिर (Prem Mandir) में भी दर्शन किए।
राष्ट्रपति का मथुरा का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 25 सितंबर को यहां आई थीं, तब उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए थे। इस बार वह संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के बाद बाबा नीम करौरी महाराज के आश्रम भी जाएंगी। राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और उनकी नातिनें आद्याश्री और नित्याश्री भी मौजूद रहीं। केलीकुंज आश्रम में उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
MP Suicide Case : MP में 3 साल में 56 हजार से ज्यादा आत्महत्याएं, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
राष्ट्रपति ने अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का किया उद्घाटन
संत प्रेमानंद से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने ‘नंदकिशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ नामक अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) और मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण (Chaudhary Laxminarayan) भी उपस्थित रहे।
इससे पहले अयोध्या दौरे के दौरान राष्ट्रपति ने राम मंदिर में रामयंत्र की स्थापना की थी और कहा था कि इस पवित्र भूमि पर कदम रखना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी थी।
ये हस्तियां कर चुकी मुलाकात
संत प्रेमानंद महाराज से समय-समय पर कई प्रमुख हस्तियां भी मुलाकात कर चुकी हैं। इनमें RSS प्रमुख मोहन भागवत, मीका सिंह, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा समेत कई नाम शामिल हैं।
संत प्रेमानंद महाराज का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नरवल तहसील के अखरी गांव में हुआ था। उनका बचपन का नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे था। उन्होंने 13 साल की उम्र में ही घर छोड़कर ब्रह्मचर्य जीवन अपनाया और काशी में गुरु गौरी शरण महाराज (Gauri Sharan Maharaj) से दीक्षा ली। इसके बाद वे मथुरा आ गए और तब से वृंदावन में ही रह रहे हैं।