Dhoni Jersey Number Change : आईपीएल 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने अपने जर्सी नंबर में बदलाव कर क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। लंबे समय तक नंबर 7 के साथ अपनी पहचान बनाने वाले धोनी अब नंबर 8 की जर्सी में नजर आ सकते हैं। हालांकि यह नई जर्सी चेन्नई सुपर किंग्स के पारंपरिक येलो रंग में नहीं है, जिससे इस बदलाव को लेकर और ज्यादा उत्सुकता बढ़ गई है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
धोनी ने सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि कुछ नंबर आपके साथ हमेशा रहते हैं, लेकिन अब वह 8 नंबर पर स्विच कर रहे हैं और जल्द ही इसकी वजह सामने आएगी। इस पोस्ट के बाद से फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं।
IPL 2026 : आईपीएल 19 में अब 10 दिन बाकी, 13 वेन्यू पर खेले जायेंगे 84 मुकाबले
सिर्फ एक प्रमोशनल स्टंट!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह बदलाव सिर्फ एक प्रमोशनल स्टंट है या इसके पीछे कोई खास भावनात्मक या रणनीतिक कारण छिपा है। कुछ लोगों का मानना है कि यह बदलाव टीम के भीतर जर्सी नंबर के प्रबंधन से जुड़ा हो सकता है, जबकि कुछ इसे ब्रांडिंग और मार्केटिंग का हिस्सा भी मान रहे हैं।
रवींद्र जडेजा से जुड़ा कनेक्शन
एक दिलचस्प थ्योरी यह भी सामने आई है कि धोनी का यह फैसला रवींद्र जडेजा से जुड़ा हो सकता है। जडेजा पहले नंबर 8 की जर्सी पहनते थे, लेकिन अब वे राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में नंबर 8 खाली हो गया था और धोनी का इसे अपनाना एक तरह का ट्रिब्यूट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हो सकती है CSK की नई रणनीति
कुछ क्रिकेट जानकारों का यह भी कहना है कि आईपीएल जैसे बड़े मंच पर जर्सी नंबर बदलना फैंस की दिलचस्पी बढ़ाने और मर्चेंडाइज की बिक्री को बढ़ावा देने का एक तरीका भी हो सकता है।
इसके अलावा यह भी माना जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स टीम मैनेजमेंट आने वाले सीजन के लिए नई रणनीति पर काम कर रहा है, जिसमें सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका को नए अंदाज में पेश किया जा सकता है। फिलहाल धोनी या फ्रेंचाइजी की ओर से इस बदलाव की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
IPL Tickets Price 2026 : 28 मार्च को IPL 2026 का पहला मैच, जानिए कब और कैसे मिलेंगे टिकट
गौरतलब है कि साल 2023 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने धोनी की 7 नंबर की जर्सी को रिटायर करने का फैसला किया था। इससे पहले 2017 में सचिन तेंदुलकर की 10 नंबर जर्सी भी रिटायर की जा चुकी है। धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को हुआ था, इसलिए उन्होंने अपने करियर में 7 नंबर की जर्सी को अपनाया था और यही नंबर उनकी पहचान बन गया।