Bhopal College Iftar Party : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आरडी मेमोरियल कॉलेज (RD Memorial College) में आयोजित इफ्तार पार्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 11 मार्च को कॉलेज परिसर में हुए इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया।
हिंदू संगठनों का आरोप
प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने कॉलेज प्रशासन पर कैंपस में “इस्लामीकरण” को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि शैक्षणिक संस्थानों को धार्मिक गतिविधियों का केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए। विरोध के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलेज गेट पर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
हनुमान चालीसा पाठ से शुद्धिकरण
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर बैठकर हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) का पाठ किया। इसके साथ ही कुछ कार्यकर्ताओं ने परिसर के बाहर गंगाजल छिड़ककर “शुद्धिकरण” करने का दावा भी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि कॉलेज कैंपस में एकतरफा धार्मिक गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

छात्राओं ने आरोपों को किया खारिज
इफ्तार कार्यक्रम में कुछ हिंदू छात्राओं की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि छात्राओं ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। छात्राओं ने मीडिया से कहा कि उन्हें किसी ने मजबूर नहीं किया था।
वे अपने मुस्लिम सहपाठियों के निमंत्रण पर स्वेच्छा से इफ्तार में शामिल हुई थीं। उनका कहना था कि कॉलेज में सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं और कुछ दिन पहले मुस्लिम छात्रों ने उनके साथ होली भी खेली थी।
कॉलेज प्रशासन की सफाई
कॉलेज प्रशासन ने भी “इस्लामीकरण” के आरोपों को गलत बताया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मेल-जोल के लिए आयोजित किए जाते हैं और इसमें किसी पर कोई दबाव नहीं डाला जाता।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और कॉलेज के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए कॉलेज गेट के बाहर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
