Gas Black Marketing : भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा, जिसके कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। कई जगहों पर सिलेंडर की वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है, जबकि कुछ उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश के बड़े शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग सीधे एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ जगहों से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं।
होटल और रेस्टॉरेंट कारोबार पर संकट
गैस की कमी का असर होटल और रेस्टॉरेंट कारोबार पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में करीब 50 हजार होटल और रेस्टॉरेंट गैस की कमी से जूझ रहे हैं। अकेले भोपाल में लगभग 2 हजार होटल और रेस्टॉरेंट को पिछले चार दिनों में एक भी सिलेंडर नहीं मिला है।
कई होटलों के पास सिर्फ 24 से 48 घंटे का ही गैस स्टॉक बचा है। होटल एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि होटल, रेस्टॉरेंट और कॉलेज कैंटीन को इमरजेंसी सेवाओं में शामिल किया जाए, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्र इन जगहों पर भोजन के लिए निर्भर रहते हैं।
इंडक्शन चूल्हे और डीजल भट्ठियों की मांग बढ़ी
गैस संकट के कारण बाजार में वैकल्पिक ईंधन की मांग तेजी से बढ़ गई है। भोपाल में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री करीब सात गुना तक बढ़ गई है। वहीं डीजल से चलने वाली भट्ठियों की कीमतें भी लगभग दोगुनी हो गई हैं।
कई होटल और कैंटीन अब गैस की जगह डीजल भट्ठी या अन्य विकल्पों से खाना बनाने की व्यवस्था कर रहे हैं। इससे बाजार में इन उपकरणों की मांग अचानक बढ़ गई है।
भोपाल में 2232 गैस सिलेंडर जब्त
गैस की किल्लत के बीच प्रशासन ने भोपाल में दो गैस एजेंसियों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए हैं। जंबूरी मैदान स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम में जांच के दौरान 1574 सिलेंडर मिले, जिनका स्टॉक रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो पाया। वहीं गुफा मंदिर- लालघाटी इलाके में एक अन्य गैस एजेंसी पर छापे के दौरान तीन ट्रक और एक लोडिंग ऑटो से 658 सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रशासन के अनुसार एजेंसी यहां से विस्थापित होने के बावजूद अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण और वितरण कर रही थी। दोनों मामलों में जांच कर खाद्य विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जबलपुर में कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई
इसी तरह जबलपुर में क्राइम ब्रांच ने अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आधारताल थाना क्षेत्र में एक घर से 46 घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई प्रदीप साहू नामक व्यक्ति के घर पर की गई।
आम लोगों की बढ़ी परेशानी
गैस की कमी का असर आम लोगों के जीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई जिलों में लोग सुबह से गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े नजर आए। डिंडोरी की एक महिला ने बताया कि वह सुबह से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन घर में दो दिनों से खाना नहीं बन पाया है।
कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर बंद मिल रहे हैं। कई जगह लोगों को रात में बुकिंग करने या मोबाइल एप डाउनलोड करने की सलाह दी जा रही है।
कैटरिंग और आयोजनों पर भी असर
गैस सिलेंडर की कमी का असर अब कैटरिंग कारोबार पर भी पड़ने लगा है। बालाघाट के कुछ कैटरर्स ने कहा है कि अगर जल्द सिलेंडर उपलब्ध नहीं हुए तो उन्हें शादी और अन्य कार्यक्रमों की बुकिंग रद्द करनी पड़ सकती है।
कई जिलों में विरोध और शिकायतें
बैतूल में गैस सिलेंडर की कमी और कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं सतना में 86 लोगों ने सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई है।
कुल मिलाकर प्रदेश में बढ़ता गैस संकट अब आम लोगों से लेकर होटल, कैटरिंग और छोटे व्यवसायों तक को प्रभावित कर रहा है। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।