Parliament Budget Session : नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है और लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जोरदार बहस जारी है। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
बहस के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) ने विपक्ष और खासकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर कई आरोप लगाए। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि जब भी वे बोलने के लिए खड़े होते हैं, उन्हें बार-बार रोका और टोका जाता है। उन्होंने कहा कि यह चर्चा लोकतंत्र और स्पीकर की भूमिका से जुड़ी है।
राहुल गांधी ने कहा कि कई बार उनका नाम लिया गया, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि सदन देश का प्रतिनिधित्व करता है और पहली बार ऐसा हुआ है कि विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी समझौते (कॉम्प्रोमाइज) का आरोप लगाया।
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर रविशंकर प्रसाद ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का भारत कभी समझौता नहीं करेगा। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को गलत बताते हुए कहा कि स्पीकर के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस
लोकसभा में ओम बिरला को स्पीकर पद से हटाने के लिए विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इस प्रस्ताव पर मंगलवार से चर्चा जारी है।
बहस के लिए कुल 10 घंटे का समय तय किया गया था, जिसमें पहले दिन करीब 7 घंटे चर्चा हो चुकी है। मंगलवार को विपक्ष के 50 से अधिक सांसदों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था, जिसके बाद इसे सदन में पेश करने और चर्चा की अनुमति दी गई।
विपक्ष ने लगाए पक्षपात के आरोप
बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को करीब 20 बार रोका गया। विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिल रहा है।
सरकार का पलटवार
वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्पीकर ओम बिरला पूरी निष्पक्षता के साथ सदन की कार्यवाही चलाते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार विपक्ष के नेता अपनी बात कहकर सदन से बाहर चले जाते हैं और फिर यह आरोप लगाते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
Iran Israel War : युद्ध में अमेरिका के 7 सैनिकों की मौत 140 घायल, ईरान में अब तक 8000 घरों पर हमला
बहस के दौरान गाने का जिक्र
बहस के दौरान रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए एक पुराने फिल्मी गाने “लड़का आंख मारे” का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को अपने पद की गरिमा के अनुसार व्यवहार करना चाहिए।