Parliament Budget Session : नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। पहले ही दिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में राजनीतिक हलचल और हंगामे का माहौल देखने को मिला। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद स्थगित कर दी गई, जबकि राज्यसभा में पश्चिम एशिया के हालात और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर जोरदार बहस हुई।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्षीय पीठ पर बैठे एनके प्रेमचंद्रन ने मेघालय के शिलांग से सांसद डॉ. रिकी एंड्रू और चार पूर्व सांसदों के निधन की जानकारी दी। सदन ने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इसी बीच विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है। कांग्रेस सहित विपक्ष के 118 सांसदों ने पहले ही इस संबंध में नोटिस दिया है। विपक्ष का आरोप है कि स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं बरत रहे और विपक्ष को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा।
राज्यसभा में ईरान जंग पर विदेश मंत्री का बयान
राज्यसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और भारत के रुख पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत शांति और बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालने के पक्ष में है।
उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं और उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस मुद्दे पर कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में भी चर्चा हुई है।
विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार प्रभावित देशों और वहां के भारतीय नागरिकों के संपर्क में है। अब तक लगभग 67 हजार भारतीय अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पार कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच चुके हैं। भारत ने ईरान के अनुरोध पर उसके एक जहाज को हिंद महासागर में डॉकिंग और शरण भी दी है।
India T20 WC Champions : भारत तीसरी बार बना विश्व चैंपियन, पहली बार होम टीम ने जीता टाइटल
ऊर्जा आपूर्ति पर भी नजर
जयशंकर ने बताया कि सरकार देश की ऊर्जा जरूरतों को लेकर सतर्क है। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने जनवरी में ही अपने नागरिकों को संभावित खतरे के बारे में आगाह कर दिया था और जरूरत पड़ने पर स्वदेश लौटने की सलाह दी थी।
विपक्ष की शॉर्ट डिबेट की मांग
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पश्चिम एशिया के हालात और ऊर्जा संकट पर संक्षिप्त चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत अपनी करीब 55 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें पश्चिम एशिया से पूरी करता है और वहां करीब एक करोड़ भारतीय काम करते हैं।
ऐसे में मौजूदा हालात का असर भारत पर भी पड़ सकता है। खड़गे ने यह भी कहा कि हाल की घटनाओं में कुछ भारतीयों की मौत हुई है और कई लोग लापता हैं, इसलिए इस मुद्दे पर सदन में चर्चा जरूरी है।
विपक्ष का वॉकआउट, नड्डा का हमला
विदेश मंत्री के बयान के दौरान विपक्षी दलों ने नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर दिया। इस पर सदन के नेता जेपी नड्डा ने विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना की।
नड्डा ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी देने को तैयार है, लेकिन विपक्ष का व्यवहार गैर जिम्मेदाराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को बहस में भरोसा नहीं है और वह बार-बार सदन से वॉकआउट करता है।
Share Market Today : ईरान जंग से सेंसेक्स 2,300 अंक टूटा, 10 दिन में 60% चढ़ा कच्चा तेल
रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग
इसी बीच गुजरात से भाजपा के राज्यसभा सांसद गोविंदभाई लालजीभाई ढोलकिया ने उद्योगपति रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि रतन टाटा ने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा कैंसर मरीजों और सामाजिक कार्यों के लिए दान किया है।
ढोलकिया के अनुसार रतन टाटा ने स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने और आम लोगों के लिए कार का सपना साकार करने जैसे कई काम किए हैं। उनका कहना है कि रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने से युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
पहले ही दिन संसद में हुए हंगामे से साफ है कि बजट सत्र का यह चरण काफी गरम रहने वाला है और आने वाले दिनों में कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।