India in T20 WC Final 2026 : नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में शानदार एंट्री कर ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दर्शकों को चौकों-छक्कों की जबरदस्त बारिश देखने को मिली। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
भारत इससे पहले 2007, 2014 और 2024 में भी फाइनल खेल चुका है। वहीं लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) के फाइनल में जगह बनाने वाली भारत तीसरी टीम बन गई है।
इससे पहले पाकिस्तान (2007-2009) और श्रीलंका (2012-2014) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इसके साथ ही भारत आईसीसी व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में लगातार चौथा फाइनल खेलने जा रहा है।
चौकों-छक्कों की बरसात से बना नया रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच हुए इस सेमीफाइनल में कुल 34 छक्के लगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 73 बाउंड्री (39 चौके और 34 छक्के) लगाईं, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2016 में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं।
दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल
इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 499 रन बनाए। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। इससे पहले 2023 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मैच में 517 रन बने थे।
भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
टीम इंडिया ने इस मैच में टी-20 वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। भारत का सर्वोच्च स्कोर 256 रन है, जो इसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में बना था। ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
ICC T20 Rankings 2026 : ईशान किशन की शानदार वापसी, टॉप बैट्समैन में हुए शुमार
टूर्नामेंट में भारत ने लगाए सबसे ज्यादा SIX
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 88 छक्के लगाए, जो किसी एक एडिशन में किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम था, जिसने इसी टूर्नामेंट में 76 छक्के लगाए।
एक पारी में 19 छक्कों की बराबरी
इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने एक पारी में 19 छक्के लगाकर टी-20 वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड और 2026 में वेस्टइंडीज भी एक पारी में 19 छक्के लगा चुके हैं।
संजू सैमसन की शानदार पारी
भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने इस मैच में 89 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में किसी भारतीय की सबसे बड़ी पारी के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। कोहली ने 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन बनाए थे।
सैमसन ने इस टूर्नामेंट में 16 छक्के भी लगाए, जो किसी एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं।
इंग्लैंड के बेथेल का तेज शतक
इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ 45 गेंदों में शतक जड़ा। यह टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने 105 रन बनाकर नॉकआउट मैचों में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड भी बना दिया।
हालांकि बेथेल की शानदार पारी के बावजूद इंग्लैंड टीम जीत से सात रन दूर रह गई और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गेंदबाजी में महंगे साबित हुए खिलाड़ी
भारत के वरुण चक्रवर्ती इस मैच में टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बन गए। उन्होंने 4 ओवर में 64 रन खर्च किए। वहीं इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भी 61 रन दिए।
इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने रिकॉर्ड्स की झड़ी के बीच जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम एक और ऐतिहासिक खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।