MP Weather Update: मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शीतलहर के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। राजधानी भोपाल में इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह बीते 10 सालों में तीसरी सबसे ठंडी रात मानी जा रही है।
प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। शाजापुर में सबसे कम 4.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मंदसौर में 4.6 डिग्री, इंदौर में 5.4 डिग्री, पचमढ़ी में 5.2 डिग्री और रीवा में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ग्वालियर और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, जबकि उज्जैन में 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।
READ MORE: टॉयलेट में मिला नवजात का शव, माँ ने की मारने की कोशिश
ठंड के साथ-साथ घना कोहरा भी बड़ी परेशानी बन गया है। कई जिलों में सुबह के समय विजिबिलीटी बेहद कम रही। रीवा, मुरैना और रायसेन में कही-कही 50 मीटर तक ही दिखाई दिया। भोपाल में विजिबिलिटी 500 मीटर से 1 किलोमीटर के बीच रही। कोहरे का असर सड़क और रेल यातायात पर साफ नजर आया।
मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर सहित 22 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और वाहन धीरे चलाने की सलाह दी है। फिलहाल प्रदेश में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है।
READ MORE: पन्ना में किसानों का प्रदर्शन, धान खरीदी में गड़बड़ी का आरोप