IND VS AUS: टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है। 26 साल के शुभमन गिल को अब वनडे टीम की भी कप्तानी सौंप दी गई है। इससे पहले वह टेस्ट टीम के कप्तान बनाए गए थे। अब दो फॉर्मेट में भारत की कमान गिल के हाथों में होगी।
BCCI की 4 अक्टूबर को हुई अहम बैठक के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम का ऐलान किया गया। इसी मीटिंग में शुभमन गिल को वनडे का कप्तान बनाने का फैसला लिया गया। वहीं, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है।
हालांकि रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है, लेकिन अब वे कप्तान नहीं होंगे। रोहित ने आखिरी वनडे मैच 9 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला वनडे 19 अक्टूबर को पर्थ में, दूसरा 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा 25 अक्टूबर को सिडनी में होगा।
टीम में हार्दिक पंड्या नहीं हैं। ऑलराउंडर के तौर पर नितीश कुमार रेड्डी को शामिल किया गया है। टी-20 सीरीज में कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे।
यह फैसला दिखाता है कि BCCI भविष्य में हर फॉर्मेट के लिए एक ही कप्तान रखना चाहती है।