Weather Update : नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और अब अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 20 फरवरी की सुबह हल्की धुंध (मिस्ट) छाई रह सकती है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी। फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
Stock Market Today : तेज गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 1236 और निफ्टी भी 365 अंक गिरा
आज कैसा रहेगा मौसम?
20 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय खासकर खुले और बाहरी इलाकों में हल्की धुंध देखी जा सकती है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप निकलेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
आने वाले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 7 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रह सकता है। 22 फरवरी के बाद तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी बढ़ेगी।
23 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं, लेकिन बाकी दिनों में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। सुबह हल्की धुंध बनी रह सकती है, हालांकि घने कोहरे की संभावना नहीं है।
Om Birla AI video : स्पीकर ओम बिरला के AI वीडियो पर बवाल! सुप्रिया श्रीनेत समेत 8 नेताओं से जवाब तलब
जिला वार स्थिति
उत्तर दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में 20 फरवरी को मुख्य रूप से साफ आसमान और सुबह हल्की धुंध रहने की संभावना है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए येलो या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
AQI रिपोर्ट: हवा ‘खराब’ श्रेणी में
19 फरवरी शाम 7 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
आनंद विहार में AQI 283, विवेक विहार 269, पटपड़गंज 261, बवाना 253, रोहिणी 250, मुंडका 244, चांदनी चौक 240, द्वारका सेक्टर 8 और ओखला फेज 2 में 227 तथा नेहरू नगर में 225 दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह-शाम की सैर कम करें, मास्क का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
भोपाल समेत एमपी के 25 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि
मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के चलते प्रदेश के 25 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश से दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात में ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के कई शहरों में पारा 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
उज्जैन, मंदसौर समेत कई जिलों में ओले गिरने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। श्योपुर में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली, जबकि नालखा में करीब 1 इंच बारिश दर्ज की गई।
23-24 फरवरी को फिर बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 फरवरी को फिर से बारिश की संभावना है। ग्वालियर, सागर, रीवा और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।