MP Toppers in UPSC CSE 2025 : भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार देशभर से कुल 958 अभ्यर्थियों ने विभिन्न सेवाओं के लिए सफलता हासिल की है। मध्य प्रदेश के लिए यह रिजल्ट खास रहा क्योंकि राज्य के कई युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंक हासिल की। खासतौर पर भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया 5वीं रैंक और धार जिले के पक्षल जैन ने 8वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है।
ईशान भटनागर की 5वीं रैंक
भोपाल के रहने वाले ईशान भटनागर ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 5वीं रैंक हासिल की है। वर्तमान में वे नागपुर में इंडियन रेवेन्यू सर्विस की ट्रेनिंग ले रहे हैं। उनके परिवार का शिक्षा और प्रशासन से गहरा संबंध रहा है।
उनके पिता मध्य प्रदेश सरकार में प्रिंसिपल एडवाइजर के पद पर काम कर चुके हैं और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी मां अंग्रेजी की प्रोफेसर हैं। ईशान की इस उपलब्धि से भोपाल सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
पक्षल जैन की ऑल इंडिया 8वीं रैंक
धार जिले के छोटे कस्बे बाग के रहने वाले पक्षल जैन ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 8वीं रैंक हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। लोगों ने मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। पक्षल के पिता निलेश जैन कपड़ा व्यवसायी हैं और माता दीप्ति जैन गृहिणी हैं।
पढ़ाई और संघर्ष से मिली बड़ी सफलता
पक्षल जैन (8वीं रैंक) ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई बाग के महेश मेमोरियल स्कूल से की। इसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए इंदौर गए और फिर आईआईटी कानपुर से फाइनेंस में पढ़ाई पूरी की। आईआईटी से पढ़ाई के बाद उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में जाने के बजाय देश सेवा का रास्ता चुना और सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।
वर्ष 2022 के आसपास वे दिल्ली चले गए और वहीं रहकर तैयारी करने लगे। उनकी बहन के अनुसार तैयारी के दौरान उन्होंने बेहद कठिन परिश्रम किया और कई बार केवल तीन से चार घंटे ही सोकर पूरे दिन पढ़ाई करते थे।
मध्य प्रदेश के अन्य अभ्यर्थियों की सफलता
चितवन जैन को ऑल इंडिया रैंक-17
अशोकनगर के चितवन जैन ने 17वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था।
रूपल जायसवाल को ऑल इंडिया रैंक-43
खंडवा की रूपल जायसवाल ने 43वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि पिछले प्रयास में उन्हें 512वीं रैंक मिली थी, लेकिन उन्होंने उस रैंक पर सेवा जॉइन नहीं की और दोबारा तैयारी की। इस बार टॉप-50 में जगह बनाकर उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की।
UPSC Topper Anuj Agnihotri : कौन हैं UPSC में टॉप करने वाले अनुज अग्निहोत्री, रावतभाटा से है कनेक्शन
समीक्षा द्विवेदी को ऑल इंडिया रैंक-56
मऊगंज की समीक्षा द्विवेदी ने 56वीं रैंक हासिल कर टॉप-100 में जगह बनाई। उन्होंने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की।
दीक्षा पाटकर को ऑल इंडिया रैंक-88
नरसिंहपुर जिले के करकबेल गांव की दीक्षा पाटकर ने 88वीं रैंक हासिल की। वह हेमराज पाटकर और अर्चना पाटकर की बेटी हैं।
सृष्टि गोयल को ऑल इंडिया रैंक-160
ग्वालियर के मुरार क्षेत्र की सृष्टि गोयल ने 160वीं रैंक हासिल की। यह उनका पांचवां प्रयास था। उनके पिता सुनील गोयल का सोने-चांदी का व्यवसाय है।
गुना की देवांगी मीणा को ऑल इंडिया रैंक-236
गुना जिले के कुंभराज की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल की। पिछले साल उन्हें 764वीं रैंक मिली थी। वह आईआरएस में चयनित हुई थीं। उनके पिता नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में कार्यरत हैं।
MP Gangrape Case : MP में 90 साल की बुजुर्ग से गैंगरेप, खून से लथपथ 12 घंटे तक तड़पती रही महिला
नरसिंहपुर की पूजा सोनी को ऑल इंडिया रैंक-249
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में पदस्थ सब-डिविजनल रेवेन्यू ऑफिसर पूजा सोनी ने 249वीं रैंक हासिल की है।
सतना की भूमिका जैन को ऑल इंडिया रैंक-331
सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल कर आईआरएस सेवा के लिए चयन प्राप्त किया है। वह कृष्णानगर के कपड़ा व्यवसायी मनोज जैन की बेटी हैं। भूमिका ने बताया कि यह उनका तीसरा अटेम्प्ट था।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूपीएससी में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भोपाल के ईशान भटनागर और धार के पक्षल जैन का टॉप-10 में आना प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने सभी सफल उम्मीदवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।